साहिल डढवाल। नूरपुर
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में सचिव नियुक्त होने के बाद पहली बार जिला कांगड़ा पहुंचे रघुवीर सिंह बाली का नूरपुर में ब्लॉक कांग्रेस द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। बाली के स्वागत के लिए कांग्रेस द्वारा नूरपुर में अलग-अलग जगहों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए थे।
इस दौरान आरएस बाली ने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें जो बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है, वह उसे पूरी निष्ठा से निभाएंगे। उन्होंने भाजपा सरकार पर भी हमला करते हुए कहा कि आज केंद्र की भाजपा सरकार आम आदमी को महंगाई और बेरोजगारी के सिवाय कुछ नहीं दे पाई है।
उन्होंने कहा कि आज पेट्रोल, डीजल और गैस की कीमतें आसमान छू रही हैं और केंद्र सरकार लगातार लोगों से झूठ बोलती आ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोगों ने नारा दिया था कि अच्छे दिन आएंगे और डबल इंजन की सरकार पूरे जोर से काम करेगी लेकिन यह डबल इंजन की सरकार आगे जाने की बजाय पीछे की ओर जा रही है।
उन्होंने कहा कि आज देश के किसान मर रहे हैं, आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन यह सरकार उनको पूछने तक नहीं आई। इस दौरान उनके साथ युकां सचिव अंबर महाजन, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मिंटू, पूर्व अध्यक्ष बलदेव पप्पी, आईटी सेल के प्रभारी राजन शर्मा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।