राम सिंह। लठियानी :
गोबिंद सागर झील के लठियाणी घाट को संवारने और पर्यटन की दृष्टि से उभारने के लिए पंचायत लठियाणी ने कवायद शुरू कर दी है। सोमवार को पंचायत लठियाणी की बैठक प्रधान जोगिन्द्र सिंह पौणू की अध्यक्षता में संपंन हुई। बैठक में जिला परिषद सदस्या सत्या देवी, पंचायत समिति सदस्य जोगिन्द्र देव आर्य विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि हुड़दंग बाज और शरारती तत्वों पर नुकेल कसी जाएगी। झील के किनारे कोई भी शराब पीता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ कानूनी कारवाई अमल में लाई जाएगी। साथ ही जुर्माना भी वसूला जाएगा। घाट पर कूड़ा-कचरा फैलाने वालों और कांच की बोतलेें तोडऩे वालों पर भी सख्ती की जाएगी। पंचायत समिति सदस्य जोगिन्द्र देव आर्य ने कहा कि झील का तट पर्यटकों को प्रकृति की सुंदरता निहारने के लिए है, न कि प्रदूषित करने के लिए।
उन्होंने बताया कि अभी हाल ही में पर्यटकों की सुविधा के लिए पहली दफा घाट के किनारे बैंच स्थापित किए गए थे, लेकिन उन्हें शरारती तत्वों द्वारा तोड़-फोड़ दिया। पर्यटकों की सुविधा के लिए पंचायत अनेकों योजनाएं शुरू कर रही है। उन्होंने क्षेत्रवासियों ने घाट के सौंदर्य को बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह जनता से किया है।
आर्य ने कहा कि जल्द ही सीसीटीची कैमरों की नजर में लठियाणी का ये घाट होगा। जिला परिषद सदस्या सत्या देवी ने कहा कि गोबिन्द सागर झील के लठियाणी तट पर प्राकृतिक सौंदर्य को निहारने के लिए पहुँचने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिए निरन्तर प्रयास जारी हैं। इस मौके पर पंचायत के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।