हिमाचल दस्तक ब्यूरो। बिलासपुर
बिलासपुर में तेजी से पांव पसार रहे कोरोना वायरस की चेन तोड़ने के लिए संकल्प संस्था ने भी कमर कस ली है। इसी के चलते संकल्प संस्था ने अध्यक्ष एवं जिला परिषद सदस्य गौरव शर्मा की अगुवाई में विभिन्न ग्राम पंचायतों के ग्रामीण क्षेत्रों को कोरोना मुक्त करने के उद्देश्य से सेनिटाइजेशन अभियान शुरू कर दिया है।
संस्था ने ग्राम पंचायत बेनला ब्राहमणा के तहत लुहणु कनैंता व बलडा गांव को सेनिटाइज किया। वहीं मियां बंदला गांव में 5 जरूरतमंद लोगों को आक्सोमीटर भी भेंट किए। गौरतलब है कि इससे पहले संकल्प संस्था के स्वयंसेवी ग्राम पंचायत कंदरौर, निचली भटेड व आयुर्वेदिक चिकित्सालय कंदरौर को सेनिटाइज कर चुके हैं।
इसके अलावा संकल्प संस्था स्वास्थ्य विभाग को 3 ऑक्सीजन सिलेंडर भी प्रदान कर चुकी है। संस्था के अध्यक्ष व जिला परिषद सदस्य गौरव शर्मा ने कहा कि संकल्प संस्था ने गत वर्ष भी कोरोनाकाल में सेनिटाइजेशन अभियान चलाया गया था, लेकिन अब फिर से कोरोनाकाल शुरू होने के कारण सेनिटाइजेशन अभियान शुरू किया है।
उन्होंने लोगों से कोविड से सुरक्षा के लिए मास्क लगाने, सामाजिक दूरी व बार बार साबुन से हाथ साफ करने का आग्रह किया है।