-
रावण जलते ही भारत को मिलेगा पहला राफेल
-
डील के तहत फ्रांस भारत को देगा 36 लड़ाकू विमान
-
इस बार राजनाथ सिंह फ्रांस में ही करेंगे शस्त्र पूजा
नई दिल्ली : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इस साल दशहरे के मौके पर फ्रांस की राजधानी पेरिस में शस्त्र पूजा (हथियारों की पूजा) करेंगे। इस दौरान वे भारतीय वायुसेना के लिए 8 अक्तूबर को फ्रांस से पहला राफेल भी हासिल करेंगे। राजनाथ अपनी इस यात्रा में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात कर सकते हैं।
रक्षा अधिकारियों ने बताया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह हर साल दशहरे के अवसर पर शस्त्र पूजा करते रहे हैं। इस बार वे फ्रांस में रहेंगे और वे वहां भी इस परंपरा को जारी रखेंगे। पहले राफेल विमान के ट्रायल को आरबी-01 नाम दिया गया है।
राफेल समझौते में अहम भूमिका निभाने वाले भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर मार्शल आरबीएस भदौरिया के सम्मान में पहले राफेल विमान के ट्रायल को यह नाम दिया गया। भारत अपने पूर्वी और पश्चिमी मोर्चों पर वायुसेना की क्षमता बढ़ाने के लिए राफेल ले रहा है। वायुसेना राफेल की एक-एक स्क्वॉड्रन हरियाणा के अंबाला और पश्चिम बंगाल के हशीमारा एयरबेस पर तैनात करेगी।