ललित ठाकुर। पधर
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी मंडी नगर निगम की 15 की 15 सीटें जीतने जा रही है, जिससे कि नगर निगम मंडी का पहला मेयर व डिप्टी मेयर भारतीय जनता पार्टी का बनेगा तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा का सभी चुनाव जीतने का क्रम लगातार जारी रहेगा।
यह शब्द पत्रकारों को जारी एक वक्तव्य में भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रदेश सह-मीडिया प्रभारी चंदन पंडित ने कहे। चंदन पंडित ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंडीवासियों की वर्षों पुरानी मांग को अपने कार्यकाल में तोहफे के रूप में मंडी की जनता को दिया है जिसके लिए मंडीवासी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के आभारी हैं।
नगर निगम बनने से मंडी शहर व आसपास की सम्मिलित पंचायतों के विकास को नए पंख लगेंगे। जब से जयराम ठाकुर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री बने हैं, तब से लगातार जनता ने सरकार द्वारा करवाए गए विकास कार्यों पर प्रत्येक चुनावों में भाजपा को जिताकर मोहर लगाई है। हिमाचल प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा आए दिन जनकल्याण की अनेकों योजनाएं जनता को समर्पित की जा रही हैं, जिससे जनता में सरकार की लोकप्रियता व विश्वास बढ़ता ही जा रहा है।
भाजपा संगठन द्वारा सरकार की प्रत्येक योजना को प्रत्येक घर तक पहुंचाने का कार्य सफलतापूर्वक किया जा रहा है। चंदन पंडित ने कहा कि वर्तमान नगर निगम चुनावों में भारतीय जनता युवा मोर्चा चुनाव प्रचार-प्रसार की कमान संभाले हुए है तथा हमेशा की भांति इन चुनावों में महत्वपूर्ण भूमिका युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं की रहने जा रही है। इसी संदर्भ मेंकल मंडी शहर में एक बाइक रैली भी भाजयुमो द्वारा की जा रही है।