राजेंद्र ठाकुर। स्वारघाट
राष्ट्रीय उच्च मार्ग स्वारघाट-पिंजौर पर पानी मोड़ स्थान पर प्याज से भरी एक पिकअप जीप 200 मीटर नीचे लुढ़ककर जनौन-बघेरी सड़क मार्ग पर जा गिरी।
इस घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। शुक्रवार देर रात को हुई इस घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस चौकी जोघों को दी तथा खुद राहत कार्यों में जुट गए।
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी नालागढ़ विवेक कुमार ने बताया कि शुक्रवार देर रात पानी मोड़ नामक स्थान पर एक पिकअप लुढ़कने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया है, जिसे प्राथमिक उपचार के लिए नालागढ़ अस्पताल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए नालागढ़ अस्पताल भेजा गया है।
पिकअप में प्याज भरा था जो बिलासपुर की तरफ जा रही थी। मृतक की पहचान रोहित कुमार पुत्र विजय पाल तथा घायल की पहचान धीरज कुमार पुत्र मथरा ठाकुर दोनों निवासी गांव दगडाहन, डाकखाना जकातखाना, तहसील नैना देवी (बिलासपुर) के रूप में हुई है।
शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस ने जीप चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर आगमी छानबीन शुरू कर दी है।