चंद्र ठाकुर। नाहन
जिला मुख्यालय नाहन में लोगों को जल्द ही रानी झांसी पार्क में सैर करने और बैठने का मौका मिलेगा। यह पार्क लगभग बनकर तैयार हो गया है। नगर परिषद कार्यालय के साथ बने इस पार्क पर 35 लाख रुपये की राशि व्यय की गई है।
महिला सशक्तिकरण के मद्देनजर प्रदेश सरकार द्वारा नगर पालिका परिषद को यह राशि प्रदान की गई थी। इस पर कार्य करते हुए नगर परिषद ने यहां पार्क बनाया। पार्क में सभी साजोसामान लगा दिया गया है। हाल ही में रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा भी स्थापित की गई है। परिषद पदाधिकारी के अनुसार जल्द ही इसे लोगों के लिए समर्पित किया जाएगा।
नगर पालिका कार्यालय के समीप बने इस पार्क में महारानी लक्ष्मीबाई की 13 फुट ऊंची एक प्रतिमा स्थापित की गई है। पार्क के सौंदर्यीकरण के लिए सडक़ किनारे रेलिंग लगाई गई है। पार्क में सौंदर्यीकरण के लिए पौधों के अलावा पार्क में हरी घास लगाने का भी निर्णय लिया गया है। इसके अलावा पार्क में बैठने के लिए बेंच भी लगाए गए हैं, ताकि शहर के लोग खासकर बुजुर्ग यहां पर आकर आराम से अपना समय व्यतीत कर सकें। नगर परिषद ने 35 लाख रुपये की लागत से इन पार्क का निर्माण किया है। इसमें से ढाई लाख रुपये की लागत से रानी लक्ष्मीबाई की फाइबर की प्रतिमा बनाई गई है, जिसे नाहन के ही एक कारीगर ने तैयार किया है।
नगर परिषद नाहन के कार्यकारी अधिकारी अजमेर ठाकुर ने बताया कि रानी झांसी पार्क नाहन में लक्ष्मीबाई की प्रतिमा को स्थापित कर दिया गया है। पार्क का निर्माण भी लगभग पूरा हो गया है। इस पार्क का निर्माण 35 लाख रुपये की लागत से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह पार्क महिला सशक्तिकरण को समर्पित है। सौंदर्यीकरण का कार्य पूरा होते ही इसे लोगों के लिए समर्पित किया जाएगा।