शैलेश सैनी। नाहन
कोरोना के चलते आज नाहन शहर के साथ-साथ भाजपा को भी गहरा आघात पहुंचा है। नाहन नगर परिषद की पूर्व अध्यक्ष व भाजपा नेत्री रेखा तोमर की कोरोना से मौत हो गई है।
जानकारी के अनुसार रेखा तोमर की कोविड-19 रिपोर्ट आने के बाद को 19 अप्रैल को साईं अस्पताल में भर्ती किया गया था। रविवार सुबह कोरोना इलाज के दौरान कार्डियक अरेस्ट के चलते रेखा तोमर दुनिया को अलविदा कह गईं।
शिक्षा विभाग में बतौर शिक्षक रही रेखा तोमर रिटायरमेंट के बाद सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेती रहीं। रेखा तोमर पूर्व भाजपा नेत्री व मंत्री रहे श्यामा शर्मा की भी काफी नजदीक रही थीं। बाद में राजनीतिक कारणों के चलते दोनों के रास्ते अलग-अलग हो गए थे। रेखा तोमर शुरू से भाजपा में ही शामिल रही।
2008-09 के आसपास नाहन नगर परिषद की ओपन सीट होने पर उन्होंने सीधे-सीधे अध्यक्ष पद के लिए चुनाव भी लड़ा था। हालांकि बहुत कम मार्जिन के साथ वह चुनाव हार गई थीं। 2016 के बाद उन्होंने फिर एक बार नाहन नगर परिषद में 4 नंबर वार्ड से पार्षद का चुनाव लड़ा और जबरदस्त जीत हासिल की।
राजनीतिक कारणों के चलते जहां उन्हें पहले नाहन नगर परिषद का अध्यक्ष बनाया जाना था वहीँ अनीता शर्मा को पहले अढ़ाई वर्ष का कार्यकाल मिला। स्थानीय विधायक डॉ. राजीव बिंदल की मुंहबोली बहन होने के साथ-साथ भाजपा में सीनियर लीडर होने के चलते अढ़ाई वर्ष बाद उन्हें नगर परिषद की कुर्सी सौंपी गई।
नाहन नगर परिषद में चाहे वह अध्यक्ष रही या फिर पार्षद, उन्हें सबसे बेहतर कार्य व मिलनसार प्रवृत्ति के लिए जाना जाता रहा। रेखा तोमर के बेटे विशाल तोमर नाहन भाजपा मंडल के महामंत्री हैं। उसके साथ वह सड़क सुरक्षा क्लब के अध्यक्ष भी हैं, जबकि रेखा तोमर की बहू मोना विशाल ठाकुर भाजपा महिला मोर्चा में वरिष्ठ पद पर तैनात हैं।
रेखा तोमर के अचानक इस तरीके से दुनिया को अलविदा कह देने से पूरे नाहन सहित जिला में शोक की लहर है। वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, जिला सिरमौर भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता, विधायक डॉ. राजीव बिंदल सहित तमाम भाजपा नेताओं व कांग्रेस प्रदेश महासचिव अजय सोलंकी आदि ने उनकी अचानक मौत पर गहरा शोक संवेदना व्यक्त की है।
भाजपा नेत्री व पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष रेखा तोमर के निधन पर नगर परिषद नाहन के कार्यकारी अधिकारी अजमेर सिंह ठाकुर, अभियंता परवेज इकबाल व नगर परिषद अध्यक्ष श्यामा पुंडीर व सभी पार्षदों ने गहरा शोक व संवेदना व्यक्त की है।
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी ठाकुर अजमेर सिंह ने कहा कि रेखा तोमर न केवल एक अच्छी नेता थीं, बल्कि वह उदार हृदय व सामाजिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने वाली महिला थीं। उन्होंने बताया कि उनके मार्गदर्शन में नाहन शहर के सौंदर्यीकरण में अपार सहयोग मिला।
उन्होंने कहा कि रेखा तोमर के निधन से नगर परिषद के तमाम स्टाफ में गहरी शोक की लहर है। उधर विधायक डॉ. राजीव बिंदल ने इससे बड़ी क्षति बताते हुए रेखा तोमर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है तो वहीँ विनय गुप्ता जिला भाजपा अध्यक्ष मीडिया प्रभारी धीरज गर्ग राकेश गर्ग भाजपा नेता मनीष चौहान आदि ने रेखा तोमर के निधन पर गहरा शोक व संवेदना व्यक्त है।
जिला सिरमौर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. केके पराशर ने पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष रेखा तोमर के कोरोना संक्रमण से निधन होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि कोरोना प्रोटोकॉल के अनुसार ही अंतिम संस्कार होगा।