ललित ठाकुर। पधर
उपमंडल की चौहारघाटी में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ने बाद पंचायतों के जनप्रतिनिधियों और विभिन्न संगठनों ने डोर टू डोर सेनेटाइजेशन करने के साथ साथ लोगों को जागरूक करने की मुहिम शुरू की है।
उल्लेखनीय है कि बरोट पंचायत के थुजी और ढरांगण, वरधाण पंचायत के लचकंडी और बोचिंग, झरवाड़ पंचायत के मियोट, धमच्याण के टिक्कन, सिल्हबुधाणी पंचायत के कुंगड़ी और रोपा पंचायत के सगनाल और द्रुण गांव में कोरोना संक्रमण पांव पसार चुका है।
ऐसे में बरोट पंचायत के युवा प्रधान रमेश ठाकुर ने वार्ड सदस्यों और पूरी टीम के साथ पंचायत को डोर टू डोर सेनेटाइज किया। उन्होंने सरकारी कार्यलयों और टूरिस्ट प्लेस जहां आवाजाही ज्यादा रहती है। ऐसे सभी स्थानों को पूर्ण रूप से सेनेटाइज कर संक्रमण की रोकथाम की सराहनीय पहल की।
बरोट पंचायत के आगे आने बाद साथ लगती लपास पंचायत के प्रधान रमेश कुमार ने भी यह मुहिम शुरू की। धमच्याण पंचायत में पूर्व प्रधान रोशन लाल की अगुवाई में अभियान छेड़ा गया। वहीं, तरसवाण पंचायत में द्रंग ब्लाक कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष राम सिंह ठाकुर की अगुवाई में पंचायत प्रधान जय सिंह और उप प्रधान पारेश्वर ठाकुर की टीम ने डोर टू डोर सेनेटाइजेशन अभियान चला रखा है। राम सिंह ठाकुर लोगों को फिजिकल डिस्टेसिंग का पाठ भी पढ़ा रहे हैं। जरूरतमंद लोगों को मास्क भी वितरित किए जा रहे हैं।
द्रंग ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष बामण देव ठाकुर ने भी अपनी टीम के साथ चौहारघाटी के गांव गांव में लोगों को जागरूक करने का अभियान छेड़ा है। उनकी टीम हॉट स्पॉट बने क्षेत्रों में सोडियम हाइपोक्लोराइट का छिड़काव कर रही है। लोगों को मास्क और गरीब लोगों को खाद्य सामग्री आदि उपलब्ध करवाई जा रही है।
बामण देव ठाकुर ने कहा कि सभी पंचायतों के प्रतिनिधि सराहनीय कार्य कर रहे हैं। लोगों को संक्रमण से बचाव बारे जागरूक किया जा रहा है। जिससे चौहारघाटी कोरोना मुक्त बन सके।