चंद्र ठाकुर। नाहन
जिला सिरमौर के पच्छाद उपमंडल सराहां से त्रिलोकपुर के लिए 10 माह से बंद निगम की बस सेवा सोमवार से दोबारा शुरू हो जाएगी। यह जानकारी बनेठी पंचायत के उपप्रधान राजकुमार ठाकुर ने दी। उन्होंने बताया कि उनके नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल क्षेत्रीय प्रबंधक हिमाचल पथ परिवहन निगम नाहन संजीव बिष्ट से मिला।
उन्होंने बस न चलने से औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के विभिन्न उद्योगों में कार्यरत मजदूर तथा अन्य कर्मचारियों को आने-जाने में हो रही परेशानियों के बारे में बताया था। कोरोना से पहले यह बस पूरी तरह फुल रहती थी। यह बस अब सराहां से साढ़े 6 बजे चलेगी, जो 8 बजे नाहन पहुंचेगी और 9 बजे कालाअंब से होकर त्रिलोकपुर पंहुच जाएगी। सायं यह बस 6 बजे त्रिलोकपुर से, सवा सात बजे नाहन से होते हुए साढ़े 8 सराहां पहुंचेगी।
राजकुमार ठाकुर ने बताया कि हिमाचल पथ परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक संजीव बिष्ट ने उनकी मांग पर गंभीरता से विचार करते हुए इस बस को पुनः सोमवार से चलाने के निर्देश जारी कर दिए हैं। विदित रहे कि यह बस सराहां से वाया बनेठी, नाहन होते हुए औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब से गुजरते हुए महामाया बाला सुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर तक जाती थी।
हिमाचल पथ परिवहन निगम नाहन के क्षेत्रीय प्रबंधक संजीव बिष्ट ने बताया कि लोगों की मांग को देखते हुए सराहां-त्रिलोकपुर बस को सोमवार से दोबार शुरू किया जा रहा है।