हिमाचल दस्तक ब्यूरो। शिमला : नागरिकता कानून और एनआरसी विवाद के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान से गरजेंगे। उनके साथ भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर भी होंगे।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की सरकार के दो साल पूरे करने पर हो रही इस रैली का राज्य सरकार के लिए काफी महत्व है। अमित शाह नवंबर में धर्मशाला में हुई इन्वेस्टर मीट के समापन पर नहीं आ पाए थे और मंत्रिमंडल के संभावित विस्तार तथा नए अध्यक्ष के चुनाव से पहले ये दौरा अहम है। रैली को सरकार ने जनआभार का नाम दिया है। इसकी तैयारियों के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने वीरवार को न सिर्फ रिज मैदान का दौरा किया, लेकिन तैयारियों पर पीटरहाफ में बैठक भी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह रैली के मुख्य अतिथि होंगे।
प्रदेशभर के लोगों के साथ-साथ प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी रैली में भाग लेंगे। इस रैली में भाजपा कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में भाग लेंगे। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय भाजपा नेता, मंत्रीगण और प्रदेश के पार्टी नेता भी इस अवसर पर उपस्थित होंगे। इस अवसर पर प्रदेश सरकार की दो वर्ष की उपलब्धियों पर आधारित एक बुकलेट जारी होगी और विकास पर आधारित वृत्तचित्र भी दिखाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने रैली में भाग लेने वालों की सुविधा के लिए साफ. सफाई सुनिश्चित करने के अतिरिक्त पर्याप्त पेयजल और मोबाइल शौचालय की सुविधा उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
विधानसभा अध्यक्ष राजीव बिंदल, शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज, राज्य भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाकार त्रिलोक जमवाल, मुख्य सचिव डॉ. श्रीकांत बाल्दी, अतिरिक्त मुख्य सचिव मनोज कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजय कुंडू, पुलिस महानिदेशक एसआर मरडी, मुख्यमंत्री के ओएसडी महेंद्र धर्माणी, प्रशासनिक सचिव, उपायुक्त शिमला अमित कश्यप, पुलिस अधीक्षक शिमला ओमापति जमवाल आदि बैठक में उपस्थित थे।
पीटरहॉफ में निवेशकों से मिलेंगे अमित शाह
मुख्यमंत्री ने बताया कि पीटरहॉफ होटल में 10 हजार करोड़ के समझौता ज्ञापनों का ग्राउंड ब्रेकिंग समारोह आयोजित किया जाएगा। रैली से पीटरहॉफ जाने के बाद पहले लंच होगा और इसके बाद अमित शाह और जेपी नड्डा निवेशकों से भी मिलेंगे। राज्य सरकार ने ग्लोबल इन्वेस्टर मीट में 93,000 करोड़ के एमओयू किए थे। अब दो माह से भी कम समय में इनमें से 10 हजार करोड़ के एमओयू का शिलान्यास हो रहा है।
सीएम बोले-पर्यटक परेशान न हों, ध्यान रखें
सीएम ने प्रशासन को यह सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए कि गृह मंत्री के दौरे के कारण कड़ी सुरक्षा व्यवस्था हो और यातायात का सुचारू संचालन हो। एंबुलेंस के लिए रास्ते चिन्हित किए गए हैं तथा आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध करवाने के लिए कहा गया है। आम जनता और पर्यटकों को रैली के कारण कोई भी असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभी जिला मुख्यालयों के अतिरिक्त शिमला शहर के सभी प्रमुख स्थानों पर एलईडी स्क्रीनें लगाई जाएंगी।
ये है कार्यक्रम शेड्यूल
- 12.00 बजे- रिज मैदान की जन आभार रैली में पहुंंचेंगे अमित शाह
- 02.00 बजे- होटल पीटरहाफ में ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में मौजूद रहेंगे
- 04.00 बजे- अनाडेल से वापस दिल्ली के लिए उड़ेगा शाह का हेलिकॉप्टर