मॉस्को : साइबेरिया में बुधवार की सुबह विषम परिस्थितियों में यात्री विमान की आपात लैंडिंग के दौरान छह लोग घायल हो गए। रूस के आपात अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
देश के आपात मंत्रालय की स्थानीय शाखा के अधिकारियों ने बताया कि एमआई-8 हेलीकॉप्टर बेयकिट गांव से उड़ान भरने के फौरन बाद बर्फीले तूफान में घिर गया। विमान में 21 यात्री और चालक दल के तीन सदस्य सवार थे। हेलीकॉप्टर को आपात स्थिति में उतारना पड़ा। स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, हेलीकॉप्टर लैंडिंग के बाद एक ओर लुढ़क गया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और दो की सर्जरी की जा रही है। पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है।
एमआई-8 दो इंजनों वाला, मध्यम आकार का हेलीकॉप्टर है जिसका डिजाइन सोवियत संघ में तैयार किया जाता है और रूस में परिवहन विमान के तौर पर इसका बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होता है। पिछले कुछ महीनों में रूस में एमआई-8 हेलीकॉप्टरों की विषम लैंडिंग और अन्य घटनाएं आम हो गई हैं।