हिमाचल दस्तक, शिमला
शिमला शहर को अब पानी की किल्लत से परेशान नहीं होना पड़ेगा। वहीं एक दिन छोड़ कर भी पानी का इतंजार नहीं करना होगा। जल्द ही शिमला शहर को 24 घंटे पानी मिलेगा। क्योंकि 492 करोड़ रुपए की जलापूर्ति परियोजना को स्वीकृत कर दिया है। ऐसे में अब पानी की समस्या खत्म हो जाएगी।
शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने बताया कि भारत सरकार के केन्द्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय के केन्द्रीय सार्वजनिक स्वास्थ्य और पर्यावरण इंजीनियरिंग संगठन के तकनीकी विंग ने शिमला नगर निगम क्षेत्र के अन्तर्गत जलापूर्ति सेवाओं में सुधार के लिए 492 करोड़ रुपए की सप्ताह भर 24 घंटे जलापूर्ति परियोजना को स्वीकृति प्रदान की है।
उन्होंने कहा कि शिमला जलापूर्ति एवं सीवरेज सेवा वितरण कार्यक्रम के अंतर्गत ग्रेटर शिमला में जलापूर्ति योजनाओं के सुधार के लिए 1825 करोड़ रुपए वित्तीय परिव्यय की परियोजना को विश्व बैंक द्वारा वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है। 1825 करोड़ रुपए की इस परियोजना में विश्व बैंक द्वारा 1168 करोड़ रुपए की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी तथा शेष 657 करोड़ रुपए हिमाचल सरकार द्वारा वहन किए जाएंगे।
2025 तक पूरी हो जाएगी परियोजना
इस परियोजना के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू की गई है तथा 31 अक्तूबर, 2022 तक सफल बोलीकत्र्ता को निविदा देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह परियोजना वर्ष 2025 तक पूरी कर ली जाएगी तथा शिमला शहर के नागरिकों को सप्ताह भर 24 घंटे जलापूर्ति सुनिश्चित होगी।