हिमाचल दस्तक ब्यूरो। शिमला
कांग्रेस ने आखिरकार उन्हीं नेताओं को कैंपेन कमेटी का चेयरमैन नियुक्त किया है, जिनके एरिया में नगर निगम के चुनाव हो रहे हैं।
हिमाचल कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला के निर्देश पर मंडी नगर निगम के लिए पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष कौल सिंह ठाकुर, सोलन के लिए विधायक कर्नल धनीराम शांडिल, पालमपुर के लिए पूर्व विधानसभा अध्यक्ष बृज बिहारी लाल बुटेल और धर्मशाला के लिए आईसीसी के सेक्रेटरी सुधीर शर्मा को नियुक्त किया है।
ये सभी अपने-अपने शहरों में प्रचार की कमान संभालेंगे हालांकि कैंपेन कमेटी में बतौर चेयरमैन यह अन्य सदस्यों की नियुक्ति कर सकते हैं। इससे पहले कांग्रेस ने नगर निगम चुनाव लड़ने के लिए पर्यवेक्षकों की टीम चारों नगर निगमों में लगाई थी।
इसमें सोलन में राजेंद्र राणा, धर्मशाला में सुखविंदर सुखू, पालमपुर में कौल सिंह ठाकुर और मंडी में जीएस बाली की नियुक्ति की गई थी। बाद में इस नियुक्ति में भी कुछ संशोधन हुए थे।
जैसे सोलन में हर्षवर्धन चौहान को पर्यवेक्षकों की टीम में शामिल किया गया था, लेकिन अब जिसका क्षेत्र उसी को प्रचार देने के लिए कैंपेन कमेटी के चेयरमैन की नियुक्ति हुई है। इस तरह से कांग्रेस ने अब कौल सिंह ठाकुर, कर्नल धनीराम शांडिल, बीबीएल बुटेल और सुधीर शर्मा की जिम्मेदारी बढ़ाई है ताकि नगर निगम चुनावों में भाजपा को टक्कर दी जा सके।
दूसरी ओर सत्तारूढ़ भाजपा ने इन चारों नगर निगमों में कैबिनेट मंत्रियों को जिम्मा दिया हुआ है और वे प्रचार में डटे हैं। मंडी में जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह, धर्मशाला में वन मंत्री राकेश पठानिया, पालमपुर में परिवहन मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर और सोलन में पूर्व भाजपा अध्यक्ष डॉक्टर बिंदल के साथ स्वास्थ्य मंत्री राजीव सैजल यह जिम्मेदारी निभा रहे हैं।