- पहाड़ों पर आज भी एक-दो स्थानों पर बर्फबारी की संभावना
- कल प्रदेश में खराब रहेगा मौसम
- मौसम विज्ञान केंद्र का पूर्वानुमान, 12 व 13 जनवरी को खिलेगी धूप
वरिष्ठ संवाददाता। टेकचंद वर्मा
ताजा बर्फबारी से पहाड़ लकधक हो गए हैं। वहीं मैदानी इलाकों में मूसलाधार बारिश के चलते समूचा राज्य शीतलहर की चपेट में आ गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के तहत राज्य में सोमवार को भी कुछ स्थानों पर बारिश व बर्फबारी होगी। मंगलवार को भी मौसम खराब बना रहेगा। 12 व 13 जनवरी को प्रदेश में धूप खिलने से लोगों को पड़ रही ठंड से राहत मिल सकती है। राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में बीते 24 घटों के दौरान बारिश व बर्फबारी रिकॉर्ड की गई है।
राज्य के किन्नौर, लाहौल स्पीति, चंबा, सिरमौर, मंडी सहित धर्मशाला के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी दर्ज की गई है। इसके अलावा शिमला में भी बर्फबारी हुई है। वहीं राज्य के मैदानी इलाकों में झमाझम बारिश हुई है। बारिश व बर्फबारी के बाद समूचा राज्य कड़ाके की ठंड की चपेट में आया है। केलांग का अधिकतम तापमान में माइनस डिग्री में दर्ज किया गया है। शिमला के कुफरी का तापमान भी शून्य डिग्री में आंका गया है। अधिकतम तापमान में एक से चार डिग्री तक की भारी गिरावट आने से दिन के समय भी लोगों को प्रचड ठंड का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि प्रदेश में सोमवार को भी कुछ स्थानों पर बारिश व बर्फबारी होगी। 11 जनवरी को भी मौसम खराब बना रहेगा। 12 व 13 जनवरी को प्रदेश में मौसम साफ बना रहेगा।
प्रदेश में पांच स्थानों का तापमान माइनस में
बारिश व बर्फबारी होने से न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आई है। शिमला, कल्पा, केलांग, डलहौजी व कुफरी का पारा माइनस डिग्री में पहुंच गया है। मनाली का पारा भी शून्य डिग्री में पहुंच गया है। तापमान में गिरावट आने से समूचा राज्य में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इसमें अगामी दिनों के दौरान ओर गिरावट आने की सभावना जताई जा रही है।
डलहौजी में एक फुट तीन इंच बर्फबारी दर्ज
चंबा के भरमौर पर एक फुट, डलहौजी में एक फुट तीन इंच, जोत में 9 इंच, तीसा सात इंच, बड़ा भंगाल में चार फुट, कल्पा में पांच इंच, नाकों में तीन इंच, सांगला में छह इंच, शिमला के जाखू में एक फीट, अटल टनल में 10 इंच, रोहतांग में एक फीट दो इंच सहित पहाड़ों पर अन्य स्थानों पर भी बर्फबारी हुई है। मैदानी इलाकों में अधिकतर क्षेत्रों में बारिश हुई है। इससे समूचा राज्य शीतलहर की चपेट में आ गया है।