साहिल डढवाल। नूरपुर
वन, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया ने सोमवार को नूरपुर विधानसभा क्षेत्र की ममूह गुरचाल पंचायत में युवाओं के लिए खेल मैदान की सौगात दी। मैदान का शिलान्यास करते हुए उन्होंने इसके निर्माण के लिए 20 लाख रुपए देने घोषणा की। उन्होंने बताया कि यह मैदान चार माह के भीतर बन कर तैयार हो जाएगा।
खेल मंत्री ने बताया कि इस मैदान के बनने से स्थानीय युवाओं को खेलों के साथ-साथ सेना व पुलिस आदि सेवाओं में भर्ती की प्रैक्टिस के लिए घर के नजदीक बेहतर स्थान उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि खेल मैदान व दौड़ के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध न होने के कारण उन्होंने अधिकतर युवाओं को सड़कों पर दौड़ते हुए देखा है जिस कारण हर समय दुर्घटना का भी अंदेशा बना रहता है।
उन्होंने बताया कि इस मैदान में युवाओं के लिए ओपन एयर जिम भी लगाया जाएगा। इसके अतिरिक्त साथ लगती खाली जगह पर मोक्ष धाम का भी निर्माण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्थानीय प्राचीन कुएं का अपना पुराना इतिहास है जिसके जीर्णोदार के लिए पांच लाख रुपए की राशि खर्च की जाएगी। वन मंत्री ने फिन्ना सिंह सिंचाई योजना पर कहा कि हर खेत व गांव तक पानी पहुंचाना उनका लक्ष्य है।
उन्होंने बताया कि इस योजना पर अब तक लगभग 600 करोड़ रुपए व्यय किए जा चुके है तथा इसका निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। उन्होंने बताया कि इस योजना से क्षेत्र में खुशहाली व समृद्धि आएगी तथा आने वाली पीढ़ियां भी इस योजना को याद रखेंगी। इस दौरान वन मंत्री ने स्थानीय पंचायत की मांग पर पशु औषद्यालय खोलने की भी घोषणा की।