शिमला:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सुरक्षित है तथा वह भारत को विश्व गुरु का सम्मान पुन: दिलवाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। यह बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मतियाला से भाजपा के विधानसभा प्रत्याशी राजेश गहलोत तथा विकासपुरी विधानसभा से संजय सिंह के पक्ष में दिल्ली के विभिन्न भागों में आयोजित रैलियों में कही।
शाहीन बाग जैसी अप्रिय घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह नागरिकता संशोधन अधिनियम के संबंध में विपक्षीय नेताओं द्वारा गलत प्रचार का परिणाम है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री द्वारा केवल गलत प्रचार तथा राजनीतिक चालों में व्यस्तता के कारण गत पांच वर्षों के दौरान दिल्ली का विकास थम गया है। जयराम ने कहा कि आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में सामने आई है, जिसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व के साथ प्रत्येक पार्टी कार्यकर्ता को जाता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गतिशील नेतृत्व में भारत विश्व शक्ति बनने की ओर अग्रसर है, जिसे विश्व के नेताओं ने भी स्वीकारा है। उन्होंने कहा कि आज अनुच्छेद 370 तथा 35ए इतिहास बन चुका है तथा भारत में एक संविधान और एक निशान विद्यमान है। यह प्रधानमंत्री के नेतृत्व के कारण ही संभव हो पाया है। जयराम ठाकुर ने कहा कि विपक्ष के नेता वोटों के लिए नागरिकता संशोधन अधिनियम और एनआरसी पर राजनीति कर रहे हैं।
विपक्ष के नेता नफरत की स्याही से इतिहास लिखने का प्रयास कर रहे हैं, परंतु देश की जनता बुद्धिमान है और उनके कुटिल इरादों को सफल नहीं होने देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि नागरिक संशोधन अधिनियम का उद्देश्य देश की सुरक्षा को सुनिश्चित करना है। देश के अल्पसंख्यकों को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि वह पहले से ही इस महान देश के नागरिक तथा अभिन्न अंग हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गतिशील नेतृत्व में राष्ट्र उन्नति के पथ पर अग्रसर है और दिल्ली शीघ्र ही विश्व स्तरीय सुविधाओं के साथ विश्व प्रसिद्ध मैट्रो सिटी बनकर उभरेगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोग आम आदमी पार्टी के झूठे वायदों में नहीं आएंगे क्योंकि गत पांच वर्षों में उन्होंने प्रलोभन देने के अलावा कुछ नहीं किया।