शिमला:
वन विभाग के वन्य प्राणी प्रभाग की ओर से बर्ड फेस्टिवल 2020 का आयोजन पौंग डैम अभयारण्य में किया। बर्ड फेस्टिवल में देश के विभिन्न समूहों तथा संस्थाओं, जैसे बड्र्स ऑफ हिमाचल प्रदेश, हिमाचल बर्ड क्लब, भारतीय वन्य प्राणी संस्थान, धर्मशाला बर्ड क्लब के विशेषज्ञों तथा प्रदेश व अन्य प्रदेशों से आए पक्षी प्रेमियों ने भाग लिया।
बर्ड फेस्टिवल के दौरान बर्ड रिंगिंग का भी आयोजन किया गया, जिसमें पक्षियों के पांव में छल्ला पहनाया जाता है। छल्ला पहनाने वाले स्थान, समय एवं अन्य जानकारियों का छल्ले से पता लग सकता है। प्रवासी प्रजातियों के पक्षी जब दुनिया के विभिन्न स्थानों पर जाते हैं, तब यह जानकारी बहुत महत्वपूर्ण रहती है, जो पक्षी के प्रवास की जानकारी उपलब्ध करवाता है। विभिन्न स्थानों से आए पक्षी प्रेमियों, स्कूली विद्यार्थियों, स्थानीय लोगों तथा वन विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों ने विशेषज्ञों की देखरेख में 6 समूहों में बांटकर पक्षियों की पहचान की।
विशेषज्ञों ने उपस्थित लोगों को पक्षियों की दिनचर्या व खानपान की जानकारी दी। प्रधान मुख्य अरण्यपाल वन्य प्राणी डॉ. सविता ने उपस्थित लोगों के साथ जानकारियां साझा की तथा पक्षियों के संरक्षण के बारे में जागरूक किया। इस अवसर पर विधायक अर्जुन सिंह, मुख्य अरण्यपाल वन्य प्राणी शिमला अनिल ठाकुर, मुख्य अरण्यपाल वन्य प्राणी धर्मशाला प्रदीप ठाकुर एवं वन्य प्राणी वन मंडल अधिकारी हमीरपुर राहुल रहाणे भी उपस्थित रहे।