शिमला:
शनिवार को होटल पीटरहाफ में चुनाव भाजपा अध्यक्ष का था और नजर 2022 के विधानसभा चुनाव पर। बिंदल की ताजपोशी के इस कार्यक्रम में सभी वक्ताओं ने अगले विधानसभा चुनाव में सरकार रिपीट करवाने का दम जरूर भरा। यह भी कहा गया कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को अब संगठन के अध्यक्ष के तौर पर डॉ. राजीव बिंदल जैसी क्षमता वाला व्यक्ति मिल गया है।
इसलिए अगले चुनाव में वो करेंगे, जो अब तक नहीं कर पाए हैं। राष्ट्रीय सचिव सुनील देवधर ने कहा कि आज भाजपा के पास 18 करोड़ सदस्य हैं। विश्व में सबसे ज्यादा मेंबरशिप भाजपा के पास है। यहां कोई भी कार्यकर्ता मुख्यमंत्री या प्रधानमंत्री बन सकता है। उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की सादगी से काफी प्रभावित हैं और अब जयराम और बिंदल की जोड़ी कमाल दिखाएगी। उन्होंने दावा किया कि ये सरकार राज्य में 15 साल तक रहेगी।
हिमाचल भाजपा प्रभारी मंगल पांडे ने कहा कि कोई भी नेता विधानसभा अध्यक्ष जैसा पद छोड़कर पार्टी अध्यक्ष तभी बनता है, जब उसके खून के कण-कण में संगठन भरा हो। उन्होंने भी दावा किया कि बिंदल के अध्यक्ष बनने के बाद अब सरकार रिपीट करने की संभावना और बढ़ गई है। इससे पहले सतपाल सत्ती ने पिछले आठ साल में जीते गए चुनाव का ब्योरा देते हुए कहा कि हमने शिमला नगर निगम में पहली बार जीत के साथ लोकसभा में सर्वाधिक मत प्रतिशत का रिकॉर्ड बनाया है। अब एक काम रह गया है, वो है हिमाचल में सरकार को रिपीट करना। इस बार अब यह भी करेंगे।
जो घोषणा पत्र में लिखा, उसे पूरा करती है भाजपा : निशंक
केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री एवं बतौर केंद्रीय पर्यवेक्षक आए रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आज विश्व में भारत का मस्तक ऊंचा हुआ है। मोदी सरकार ने 70 साल पुरानी बीमारियों को जड़ से खत्म किया है। हम अकेली ऐसी पार्टी है, जो घोषणा पत्र में जो कहती है, उसे पूरा करती है।
हमारे दल में हिम्मत से फैसले लेने की क्षमता है। धारा 370 और राम मंदिर पर मात खाया विपक्ष अब सीएए पर लोगों को गुमराह कर रहा है। यह बुझते दिए की तरह है। सबको डराया जा रहा है, एक हो जाओ नहीं तो मारे जाओगे। इन दलों को देश का बढ़ा गौरव नहीं दिखता। उन्होंने कहा कि राज्य में बिंदल जैसा कर्मठ अध्यक्ष मिलने के बाद सरकार को और ताकत मिलेगी।