- -हिमाचल में आज से फिर सक्रिय हो जाएगा मानसून
- -15 से 17 सितम्बर तक राज्य में भारी से भारी बारिश
- -मौसम विज्ञान केन्द्र ने जारी किया येलो अलर्ट
- -राज्य में 19 सितम्बर तक मौसम खराब
टेकचंद वर्मा, शिमला
हिमाचल प्रदेश में मानसून आज से फिर सक्रिय हो जाएगा। मौसम विज्ञान केन्द्र द्वारा राज्य में बुधवार को कई स्थानों पर भारी बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया है। 15 से 17 सितम्बर के दौरान भारी से भारी बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। जबकि राज्य में 19 सितम्बर तक मौसम खराब बना रहेगा।
प्रदेश में मंगलवार को सुबह के समय मौसम साफ बना रहा। मगर दिन के समय आसमान में काले बादल घिरने शुरू हो गए थे। दोपहर बाद पहाडों पर कई स्थानों पर बारिश भी रिकॉर्ड की गई है। बारिश होने से तापमान में फिर से बढोतरी आई है। अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। तापमान में गिरावट आने से पहाडों पर सुबह व शाम के समय ठण्ड़ का प्रकोप बढ़ गया है।
राज्य में बीते 24 घंटो के दौरान मानसून कमजोर बना रहा। राज्य के कुछ ही स्थानों पर बारिश हुई है। धौलाकुंआ में सबसे ज्यादा 39 मिलीमीटर बारिश हुई है। कोटखाई में 10, पावटा साहिब में 9, शिमला व खदराला में 6, सोलन व नाहन में 3 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है।
मौसम विज्ञान केन्द्र शिमला के निदेशक सुरेन्द्र पाल ने बताया कि राज्य में बुधवार से मानसून फिर से सक्रिय हो जाएगा। बुधवार को राज्य के कई स्थानों पर भारी से भारी बारिश होगी। 15 से 17 सितम्बर तक समूचे राज्य में बहुत भारी बारिश होगी। जबकि राज्य में 19 सितम्बर तक मौसम खराब बना रहेगा। उक्त अवधि के दौरान भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की सभावना है।