राजीव भनोट। ऊना
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने प्रत्याशी घोषणा में बाजी मार ली है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश में हो रहे 4 उपचुनावों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है।
मंडी उपचुनाव के लिए पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की धर्मपत्नी प्रतिभा सिंह को टिकट देकर बड़ा दांव कांग्रेस द्वारा खेला गया है। फतेहपुर से पूर्व विधायक सुजान सिंह पठानिया के पुत्र भवानी पठानिया, जुब्बल कोटखाई से पूर्व मुख्यमंत्री रामलाल ठाकुर के पुत्र रोहित ठाकुर और अर्की से पूर्व में प्रत्याशी रहे संजय अवस्थी को उम्मीदवार बनाकर कांग्रेस ने भरोसा जताया है।
कांग्रेस पार्टी ने जहां इन उम्मीदवारों पर मुहर लगाकर बढ़त बनाने का काम प्रत्याशी चयन में किया है, वहीं भाजपा की तरफ से आने वाले एक-दो दिन में उम्मीदवारों की सूची फाइनल होने की सूचना है।
भाजपा में उपचुनाव विधानसभा के लिए उम्मीदवारों पर लगभग एक राय है, जबकि मंडी के संसदीय उपचुनाव के लिए भाजपा मजबूत प्रत्याशी देने के लिए कई विकल्पों पर चर्चा कर रही है।
भाजपा के पास जहां महेश्वर सिंह, धनेश्वरी ठाकुर, गोविंद ठाकुर, अजय राणा, ब्रिगेडियर खुशाल सिंह, पंकज जम्वाल सहित कई ऐसे नाम हैं, जिन पर पार्टी दांव खेल सकती है, वहीं सिंचाई मंत्री महेंद्र सिंह का नाम भी गंभीरता से चर्चा में है। अब देखना यह है कि पार्टी यहां कैसा निर्णय करती है।