प्रवीन मुंगटा। शिमला
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी ज़िले में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के बेटे द्वारा गाड़ी से किसानों को कुचलने के बाद कांग्रेस पूरे देश में सड़कों पर उतर आई है।
वहीं घटनास्थल और प्रभावित परिवारों से मिलने जा रही कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी को यूपी में हाउस अरेस्ट कर दिया। इन सभी मसलों के विरोध में मंगलवार को शिमला में कांग्रेस ने अध्यक्ष कुलदीप राठौर के नेतृत्व में उपायुक्त कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।
इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि मोदी सरकार तानाशाही पर उतर आई है। एक साल से मांगों को लेकर आंदोलनरत किसानों के आंदोलन को कुचलने के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं।
यूपी में मंत्री के बेटे पर कार्यवाही के बावजूद कांग्रेस पार्टी की नेता प्रियंका गांधी को हाउस अरेस्ट किया गया है। बीजेपी की मोदी सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है। देश में अराजकता फैलाई जा रही है।
कांग्रेस पार्टी हिटलरशाही को बर्दाश्त नहीं करेगी और कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता सड़कों पर हैं और अगर सरकार का रवैया बदलता नहीं है तो आगामी समय में कांग्रेस उग्र आंदोलन करेगी, जिसकी जिम्मेदार बीजेपी सरकार होगी।