हिमाचल दस्तक। ऊना
जिला मुख्यालय ऊना और उसके आसपास के गांवों में शनिवार देर रात पागल कुत्ते ने जमकर कोहराम मचाया। जिला मुख्यालय के टक्का रोड पर देर रात पागल कुत्ते ने लोगों को काटना शुरू किया, जिससे शहर भर में दहशत भरा माहौल हो गया। काफी देर तक माहौल गहमागहमी भरा रहा।
जिला मुख्यालय और उसके साथ लगते लोअर अरनियाला गांव में करीब 20 लोगों को अपना शिकार बनाने के बाद पागल कुत्ता कोटला कलां गांव में जा घुसा, जहां उसने महादेव मंदिर में भी करीब 3 लोगों को अपना शिकार बनाया।
घटना के दौरान स्थानीय लोगों ने वन विभाग और पशुपालन विभाग से लगातार मदद मांगने का प्रयास किया लेकिन दोनों ही विभागों में से किसी ने भी मुसीबत की इस घड़ी में लोगों का साथ नहीं दिया।
स्थानीय लोगों ने ही कुत्ते का शिकार बने लोगों को लहूलुहान हालत में अस्पताल ले जाकर उपचार दिलवाया। लोगों ने विभाग से कुत्ते को काबू करने की मांग उठाई है।