नई दिल्ली : संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के पक्ष में व्यापक समर्थन जुटाने के मकसद से भाजपा नेताओं ने सोमवार को सोशल मीडिया पर इसके समर्थन में अभियान चलाया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस कानून के समर्थन में इस अभियान के तहत सोमवार को आध्यात्मिक गुरु सदगुरु जग्गी वासुदेव का एक वीडियो पोस्ट किया। मोदी ने ट्वीट किया, ”सीएए से जुडे पहलुओं की स्पष्ट व्याख्या तथा और भी चीजें सदगुरू से सुनिए। उन्होंने ऐतिहासिक संदर्भ का हवाला दिया है और हमारी भाईचारे की संस्कृति का बेहतरीन तथा शानदार तरीके से उल्लेख किया है। इसके साथ ही उन्होंने निहित स्वार्थ वाले कुछ समूहों की गलत सूचनाओं को बेनकाब किया है।
प्रधानमंत्री की निजी वेबसाइट के ट्विटर हैंडल पर भी एक संदेश पोस्ट किया गया है जिसमें कहा गया है कि सीएए उत्पीडन का शिकार हुए शरणार्थियों को नागरिकता देने के लिए है और इसमें किसी की नागरिकता लेने की बात नहीं की गई है। यह संदेश ‘इंडिया सपोट्र्स सीएए’ नामक हैशटैग से पोस्ट किया गया है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर ने ट्वीट किया, ”तथ्यों का प्रसार करिए, झूठ का नहीं। पिछले छह वर्षों में 2830 पाकिस्तानी, 912 अफगान और 172 बांग्लादेशी नागरिकों को भारतीय नागरिकता दी गई। इनमें से कई उन देशों के बहुसंख्यक समुदाय से हैं।”
जावडेकर ने कई ट्वीट करके सीएए के विभिन्न पहलुओं का उल्लेख किया और प्रधानमंत्री के उस कथन को उद्धृत किया कि इसका किसी भी भारतीय नागरिक पर विपरीत असर नहीं होगा। भाजपा नेता जय पांडा ने कहा कि इस कानून का किसी भारतीय नागरिक पर विपरीत असर नहीं होगा। भाजपा ने सीएए को लेकर जागरुकता के प्रसार के लिए देशभर में 10 दिन तक अभियान चलाने का ऐलान किया था।