हिमाचल दस्तक। संगड़ाह
उपमंडल संगड़ाह के साथ लगते चौपाल उपमंडल के कुपवी इलाके में एक कार (एच08बी-9007) अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल है।
कार सवार सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं। हादसा वीरवार दोपहर के वक्त हरिपुरधार-लभाण संपर्क मार्ग पर बाग मझोली नामक स्थान पर पेश आया।
कार में 5 लोग सवार थे। हादसा इतना भीषण कि 3 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक महिला ने हरिपुरधार अस्पताल ले जाते समय रास्ते दम तोड़ा।
मृतकों की पहचान रोशन पुत्र धनीराम (32), राजेंद्र पुत्र नैन सिंह (33) और जीवन सिंह (70) के रूप में हुई है। इनकी घटनास्थल पर मृत्यु हुई है। मृतक महिला की पहचान विद्या देवी (42), पत्नी केदार सिंह के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक हादसे के 2 मृतक रोशन व राजेंद्र शिक्षा विभाग में टीजीटी के पद पर कार्यरत थे। शिक्षक समाज में उनकी मृत्यु पर शोक की लहर है। कार मे मौजूद रणबीर नामक व्यक्ति को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया। सभी लोग बाग मझोली गांव के रहने वाले हैं। डीएसपी चौपाल राज कुमार ने दुर्घटना की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।