अजय शर्मा, बंगाणा। पुलिस थाना बंगाणा के तहत कोटला खास में कार व पिकअप की टक्कर में कार सवार व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रवेश कुमार पुत्र जगीर सिंह निवासी नलवाड़ी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया है। वहीं मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार रात करीब आठ बजे प्रवेश कुमार कार में सवार होकर कोटला खास के समीप से गुजर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहीे पिकअप ट्राले के साथ टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार प्रवेश कुमार को गंभीर चोटें पहुंची। जिसे उपचार के लिए स्थानीय लोगों की मदद से सिविल अस्पताल बंगाणा पहुंचाया गया। लेकिन उपचार के दौरान प्रवेश कुमार ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
मृतक प्रवेश की दो बेटियां है, जिनकी उम्र 10 से 11 वर्ष के बीच है। प्रवेश कुमार मेहनत मजदूरी करके अपने परिवार का निर्वाह करता था। बंगाणा थाना प्रभारी मनोज कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में हुई प्रवेश कुमार की मौत के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। दुर्घटना के कारणों की पुलिस जांच कर रही है और आगामी कार्यवाही की जा रही है।
मौत पर जताया शोक
प्रवेश की मौत पर कैबिनट मंत्री वीरेंद्र कंवर, भाजपा मंडल अध्यक्ष मास्टर तरसेम, महामंत्री राजिंदर बरनोह, बीडीसी उपाध्यक्ष देवेंद्र भुट्टो, गौ सेवा आयोग के निदेशक कृष्ण पाल शर्मा, विजय शर्मा, विपन साजन, मदन राणा, राकेश राणा, अजय शर्मा, जिप सदस्य इंदु वाला, व्यापार मंडल अध्यक्ष विजय शर्मा, जीत शर्मा, समाजसेवी डॉ. सोना, सुदर्शन शर्मा, पूर्व प्रधान रमेश शर्मा, कांता देवी ने परिवार के प्रति दुख प्रकट करते हुए संवेदना प्रकट की है।