वंदना। ऊना: नेहरू युवा केंद्र ऊना युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा जवाहर नवोदय विद्यालय पेखूबेला में आयोजित राष्ट्रीय एकता शिविर में चौथे दिन ऊना शहर में पोशाक परेड निकली गई। पोशाक परेड को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया।
पोशाक परेड का आयोजन इंदिरा गांधी खेल परिसर से रोटरी चौक तक किया गया। परेड में 17 राज्यों के 250 प्रतिभागियों ने अपनी संस्कृतिक वेशभूषा व वाद्य यंत्रों के साथ भाग लिया। इसके उपरांत युवायों ने प्रथम भारत आरक्षी वाहिनी पुलिस बनगढ़ ऊना का भ्रमण किया। युवाओं ने वहां पर पुलिस की कार्यप्रणाली के बारे में जाना। वहां पर युवाओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए।
इस दौरान वाहिनी की समादेशक शालिनी अग्निहोत्री ने युवाओं को संबोधित किया। शालिनी अग्रिहोत्री ने कहा कि भारत देश की संस्कृति ही इसकी महानता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज का ये भारत देश पूरे विश्व में इसकी संस्कृति के लिए माना जाता है, इसको संजोय रखना हम सभी कर्तव्य है। कैंप कमांडेंट एवं जिला युवा समन्वयक डा. लाल सिंह ने कहा कि ऊना शहर में निकाली गई पोशाक परेड का उद्देश्य सिर्फ ऊना मुख्यालय की जनता को इस राष्ट्रीय एकता शिविर में उपस्थित प्रतिभागियों की पारंपरिक पोशाक व संस्कृति के बारे बताना था।
उन्होंने कहा कि इंदिरा मैदान से लेकर रोटरी चौक तक निकाली गई परेड़ के दौरान युवाओं ने अपने-अपने राज्य के कल्चर व वेशभूषा को प्रदर्शित किया। इस अवसर पर उप समादेश राजेश, सहायक समादेशक मीनाक्षी शर्मा, निरीक्षक जसविंदर सिंह, जिला युवा समन्वयक धर्मशाला नरेश शर्मा, शिविर के नोडल अधिकारी डॉ. रमेश सिंह चंदेल, दूरदर्शन जालंधर के पूर्व उपनिदेशक बलविंद्र अत्री, विजय भारद्वाज, अजय सेन, गुरुदेव सिंह राणा, सुरेंद्र, नवीन, पृथ्वी राज, योगेश कुमार व कंचन बाला भी उपस्थित रहे।