हिमाचल दस्तक। रामपुर बुशहर
कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने प्रदेश भाजपा सरकार पर आरोप लगाया है कि उनकी मिलीभगत से सेब बागवानों को आर्थिक नुकसान हुआ है।
उन्होंने कहा कि सरकार की गलत नीतियों और 3 नए कृषि कानूनों का खामियाजा बागवानों को भुगतना पड़ा है। अडानी, अंबानी और आढ़तियों ने जो बागवानों के साथ खुली लूट शुरू की है, उसे कतई सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों व बागवानों के हक की निर्णायक लड़ाई लड़ेगी।
बुधवार को कुमारसैन के बीथल में अडानी के कोल्ड स्टोर के समक्ष सेब बागवानों के धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए राठौर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने बागवानों की पूरी तरह से अनदेखी की है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने बागवानों की न तो कोई मदद ही की है और न ही उन्हें कोई राहत दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने बागवानों का हर स्तर पर शोषण ही किया है।