वरिष्ठ संवाददाता। टेकचंद वर्मा
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सोमवार को फिर से ताजा हिमपात हुआ है। पहाड़ों पर बर्फबारी होने के साथ मध्यम ऊंचाई वाले स्थानों और मैदानी इलाकों में बारिश हुई है। बारिश-बर्फबारी होने से समूचा राज्य शीतलहर की चपेट में आ गया है। पहाड़ों पर अधिकतम तापमान भी लुढ़क कर शून्य डिग्री में पहुंच गया है। इसके चलते लोगों को दिन के समय भी हांड कंपाने वाली ठंड की मार झेलनी पड़ रही है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक राज्य में 9 दिसंबर तक मौसम खराब बना रहेगा। उक्त अवधि के दौरान पहाड़ों पर फिर से बर्फबारी होने का पूर्वानुमान लगाया जा रहा है।
प्रदेश में बीते 24 घटों के दौरान भी प्रदेश में कई स्थानों पर बारिश व बर्फबारी रिकॉर्ड की गई है। इससे न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आई है। तापमान में गिरावट आने से पहाड़ों के साथ मैदानी इलाकों में भी जनता को ठंड का सामना करना पड़ रहा है। मनाली में 24, चंबा में 23, बंजार व जोगिंद्रनगर में 18, मंडी में 17, भुंतर में 14, सुंदरनगर व पांवटा में 11 और कोटखाई में10 मिलीमीटर बारिश हुई है।
बारिश व बर्फबारी होने से समूचा प्रदेश शीतलहर की चपेट में आ गया है। कल्पा का अधिकतम तापमान भी लुढ़ककर शून्य डिग्री में पहुंच गया है। केलांग का तापमान गिर कर 1.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। बारिश होने से अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। तापमान में गिरावट आने से राज्य में लोगों को ठंड का सामना करना पड़ रहा है।
लाहौल-स्पीति के गुड़ला में 34 सेंमी. बर्फबारी
सोमवार को लाहौल स्पीति में हिमपात हुआ है। लाहौल स्पीति के गुड़ला में सबसे ज्यादा 34 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई है। इसके अलावा केलांग में 15, उदयपुर में 9, कल्पा में सात, रोहडू के खदराला व हंसा में पांच सेंटीमीटर बर्फबारी रिकॉर्ड की गई है। शिमला में नारकंडा, मतियाना, कुफरी, खड़ापत्थर, रोहडू व चौपाल के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी सीजन का पहली बर्फबारी हुई है।
9 दिसंबर तक खराब रहेगा मौसम
मौसम विज्ञान केेंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि प्रदेश में 9 दिसंबर तक मौसम खराब रहेगा। पहाड़ों पर कई स्थानों पर बारिश-बर्फबारी होगी। 10 दिसंबर को मौसम शुष्क बना रहने का पूर्वानुमान लगाया जा रहा है।