बांदा (उप्र) (भाषा): बांदा से सटे फतेहपुर जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र में शनिवार को कथित रूप से दुष्कर्म के बाद जिंदा जलाई गई लड़की की हालत बहुत गंभीर बनी हुई है और उसे कानपुर के हैलट अस्पताल के बर्न वार्ड में शिफ्ट किया गया है। हैलट अस्पताल के अधीक्षक प्रोफेसर आर.के. मौर्य ने रविवार को बताया, फतेहपुर जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र में जली 18 साल की लड़की की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। वह नब्बे फीसदी से ज्यादा जल चुकी है। जलने से सिर्फ उसके पैर बचे हैं।
उन्होंने बताया, लड़की का बेहतर उपचार कर उसे बचाने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल उसे बर्न वार्ड में शिफ्ट किया गया है। इस बीच, पुलिस का कहना है कि लड़की ने प्रेम प्रसंग के मामले में पंचायत के फरमान से क्षुब्ध होकर खुद को आग लगाई थी। हालांकि, पुलिस ने पीड़िता के चाचा को बलात्कार और हत्या की कोशिश के आरोप शनिवार की शाम ही गिरफ्तार कर लिया। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक द्वारा अब तक की गई जांच के हवाले से प्रयागराज परिक्षेत्र के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) सुजीत पांडेय ने बताया कि पीड़ित लड़की और आरोपी लड़के के घर सटे हुए हैं।
दोनों के घर से महज कुछ दूरी पर शनिवार सुबह हुई पंचायत में दोनों को एक-दूसरे से अलग रहने और लड़की की शादी दूसरी जगह होने तक लड़के को गांव से बाहर रहने को कहा गया था। पंचायत में लड़की और लड़का अपने परिजन के साथ मौजूद थे। इसी बीच लड़की पंचायत से उठकर अपने घर गई और आग लगा ली। उन्होंने कहा कि पंचायत में लड़की और लड़के से अलग रहने और एक-दूसरे से न मिलने की कसम भी खिलाई गई थी। पंचायत के फैसले से क्षुब्ध होकर लड़की ने आग लगाई है। एडीजी ने यह भी बताया कि पीड़िता के भाई की तहरीर पर हुसैनगंज थाने में मामला दर्ज किया गया है।
जिलाधिकारी संजीव सिंह ने कहा, शनिवार सुबह प्रेम प्रसंग को लेकर दोनों पक्षों की पंचायत में लड़की और लड़का दोनों मौजूद थे। पंचायत में तय हुआ था कि लड़की की शादी दूसरी जगह होने तक लड़का गांव से बाहर रहेगा और दोनों एक-दूसरे से बात नहीं करेंगे। इसी बीच लड़की पंचायत से उठकर अपने घर गई और खुद को आग लगा ली। घर से धुआं उठता देखकर पंचायत में मौजूद ग्रामीणों ने किसी तरह आग बुझाई।
पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा ने फतेहपुर पुलिस के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट में एक वीडियो पोस्ट कर बताया कि इस संबंध में हुसैनगंज थाने में लड़की के भाई की तरफ से दर्ज करवाए गए मुकदमा अपराध संख्या-306ा19 (बलात्कार और जान से मारने की कोशिश) में नामजद आरोपी मेवालाल (25) को गिरफ्तार कर लिया गया है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्वाई की जा रही है।