दिनेश कुमार। करसोग
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रतिभा सिंह के करगिल युद्ध पर दिए गए बयान पर पलटवार किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की उम्मीदवार प्रतिभा सिंह कहती हैं कि करगिल का युद्ध तो कोई युद्ध ही नहीं था। यह तो पाकिस्तान की सेना के कुछ जवानों ने भारत की सीमा में घुसकर कब्जा करने की कोशिश की थी। इसमें ब्रिगेडियर ने क्या कर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिभा सिंह के इस बयान से उन्हें बहुत दुख हुआ। उन्होंने कहा कि वे उम्मीदवार के खिलाफ ज्यादा नहीं बोलते हैं क्योंकि व्यक्तिगत टिप्पणी करना उनकी आदत नहीं है। करसोग के विभिन्न क्षेत्रों में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम जयराम ठाकुर ने कहा करगिल युद्ध में अकेले हिमाचल के 52 सैनिक शहीद हुए थे और कांग्रेस इसे छोटी लड़ाई कह रही है।
इस युद्ध में देश के हजारों सैनिक शहीद हुए थे। उन्होंने कहा कि वर्तमान में केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकारें हैं, जो मिलकर हिमाचल का विकास कर सकती हैं। ऐसे में लोग सहानुभूति के नाम पर वोट मांगने वालों के बहकावे में आएं। उन्होंने जनता से अपील की कि वे विकास के नाम पर वोट देकर खुशाल ठाकुर को विजय बनाएं।
चार साल के कार्यकाल में नहीं आई महंगाई
मुख्यमंत्री ने महंगाई को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महंगाई के लिए कांग्रेस जिम्मेदार है, जिसने देश में 50 साल से अधिक समय तक शासन किया है। महंगाई केवल जयराम सरकार के चार साल के कार्यकाल में नहीं आई है। कोरोनाकाल जैसी परिस्थितियों से गुजरना पड़ा है। ऐसा कठिन समय किसी भी मुख्यमंत्री के कार्यकाल में नहीं आया। कोरोना से लोगों का जीवन बचाने के साथ प्रदेश में विकास की रफ्तार को थमने नहीं दिया गया।
सैनिकों पर टिप्पणी करना दुर्भाग्यपूर्ण
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर सेना के जवानों पर ऐसी टिप्पणी होती है, तो इससे बड़ा दुर्भाग्य नहीं हो सकता है। मंडी संसदीय क्षेत्र से ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर भाजपा के प्रत्याशी हैं। यह वहीं उम्मीदवार है, जिन्होंने करगिल युद्ध जीतने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। जो हिमाचल के लिए गौरव की बात है।