- 7 व 8 जून को भी पड़ेगी झुलसाने वाली गर्मी
- पहाड़ों पर 9 को हल्की बारिश होने के आसार
टेकचंद वर्मा : शिमला
हिमाचल प्रदेश में झुलसाने वाली गर्मी के थपेड़ों की मार झेल रही जनता के लिए सोमवार का दिन भारी पड़ सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र की माने तो ऊना, कांगड़ा, बिलासपुर, हमीरपुर, पांवटा साहिब, सुंदरनगर व चंबा में कुछ स्थानों पर लू चलेगी। इसके लिए विज्ञान केंद्र द्वारा अलर्ट जारी किया गया है। विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के तहत प्रदेश में 7 व 8 जून को भी भीषण गर्मी लोगों को जमकर झुलसाएगी, जबकि पहाड़ों पर 9 जून को हल्की बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। प्रदेश में रविवार को भी गर्मी ने लोगों के जमकर पसीने छुड़ाए। ऊना का अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
प्रचंड गर्मी पडऩे के चलते दिन के समय ऊना भट्ठी की तरह तप रहा है। ऊना के साथ साथ हमीरपुर, धौलाकुआं व बरठी का तापमान भी 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। भीाषण गर्मी के चलते राज्य के इन क्षेत्रों में दिन के समय लोग घरों में कैद हो कर रह गए हैं। कांगड़ा व बिलासपुर का तापमान भी 40 डिग्री के आंकड़े के करीब है। यहां पर अधिकतम तापमान 39 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया है। सुंदरनगर, चंबा व नाहन का तापमान 38 डिग्री से ज्यादा आंका गया है। तापमान में उछाल आने से प्रदेश के मैदानी इलाकों के साथ-साथ पहाड़ों पर भी जनता को दिन के समय झुलसाने वाली गर्मी की मार झेलनी पड़ रही है।
8 जून तक साफ बना रहेगा मौसम
प्रदश्ेा में बीते 24 घटों के दौरान मौसम साफ बना रहा, जिससे न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी आई है। न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी आने से प्रदेश में रात के समय भी लोगों को गर्मी की मार झेलनी पड़ रही है। अगामी दिनों के दौरान भी गर्मी से राहत की कम ही संभावना जताई जा रही है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि प्रदेश में सोमवार को मैदानी इलाकों में लू चलेगी। प्रदेश में 7 व 8 जून को भी मौसम साफ बना रहेगा, जबकि 9 जून को पहाड़ों पर हल्की बारिश हो सकती है।