- सचिवालय में केबिनेट से पहले हो रहीं स्टाफ बैठकें
- अब चुनावी मैदान में उतरेंगे मंत्री
विशेष संवाददाता। शिमला
लगभग पांच साल तक अपने स्टाफ के सहयोग से दफतर चलाने वाले सरकार के मंत्री अब उन्हें अलविदा कहने लगे हैं। स्टाफ से अलविदा कहने के लिए उनको बाकायदा टी पार्टी दी जा रही है। इन दिनों मंत्रियों के दफतरों में एक-एक करके टी-पार्टी का आयोजन किया जा रहा है। मंगलवार को भी परिवहन एवं उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह (Industries Minister Bikram Singh) के दफतर में टी पार्टी की गई। स्टाफ का उनके सहयोग के लिए आभार जताया गया और भविष्य में भी ऐसे ही सहयोग की कामना की गई।
अब मंत्री फील्ड में उतरने जा रहे हैं। चुनाव का समय नजदीक है ऐसे में मंत्रियों को अब जनता के बीच जाना है। इसी जनता ने पहले सचिवालय में आकर उनसे काम करवाए, उनके स्टाफ से मिले। इस बीच कई मीठे व कड़वे अनुभव भी रहे हैं। आज उन अनुभवों को सांझा करने का समय आ गया है। ये रिवायत है कि चुनाव में जाने से पहले सचिवालय में मंत्रियों को उनके स्टाफ द्वारा या स्टाफ को मंत्रियों द्वारा टी-पार्टी दी जाती है। ऐसा दौर अब शुरू हो गया है जिससे आभास हो गया है कि अब चुनाव आ गया है। मंत्री महोदय अब सचिवालय में नहीं मिलेंगे बल्कि फील्ड में ही दिखेंगे। मंत्रियों का पांच साल का रिपोर्ट कॉर्ड अब जनता दिखाएगी।
वैसे प्रदेश में यही रिवायत रही है कि सत्ता बदलती रही है लिहाजा कोई मंत्री फिर वापस अपने कमरे में नहीं बैठा। उसे फिर पांच साल के बाद ही मौका मिला। हालांकि यहां पर भाजपा सरकार रिवायत बदलने की बात कर रही है और मुख्यमंत्री का दावा है कि हिमाचल में रिवाज जरूर बदलेगा। अब देखना होगा कि सचिवालय में स्टाफ को अलविदा करने वाले मंत्री क्या लौट पाएंगे। क्या वही स्टाफ उनके साथ दोबारा से मिलेगा, ये सब बातें अब समय के गर्भ में छिपी हैं।