शैलेश सैणी। नाहन
प्रदेश में भाजपा की सरकार 2022 में मिशन रिपीट करे, इसको लेकर प्रदेश संगठन ने बनाई गई रणनीतियों पर अमल करना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप पत्रकारों से रूबरू हुए। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि सरकार ने इस बार नगर निगम के चुनाव पार्टी सिंबल पर करवाए जाने का फैसला लिया है।
सुरेश कश्यप ने दावा किया है कि प्रदेश में होने जा रहे चारों नगर निगमों के चुनाव में भाजपा अप्रत्याशित जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा से विधानसभा के लक्ष्य को लेकर संगठन मिशन रिपीट के लक्ष्य को लेकर लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा ने 11 में से 9 जिला परिषदों पर जीत का परचम लहराया है। यही नहीं 78 ब्लॉक समिति के चुनाव में 68 सीटों पर भाजपा ने ही जीत दर्ज की है।
सुरेश कश्यप ने बताया कि पंचायती राज व स्थानीय निकायों के चुनाव में अप्रत्याशित जीत दर्ज करते हुए ज्यादातर प्रधान व उपप्रधान हमारे ही जीत कर आए हैं। वहीं सांसद होने के नाते शिमला संसदीय क्षेत्र के विकास के बारे में पूछे गए सवाल पर सुरेश कश्यप ने बताया कि सरकार ने उन्हें जो भी दायित्व दिए हैं, उसमें वह हंड्रेड परसेंट बेहतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जयराम सरकार ने जो 3 वर्षों में अभूतपूर्व विकास कार्य किए हैं उसको प्रदेश की जनता ने पंचायती राज चुनाव में पुष्ट करते हुए भाजपा सरकार में अपनी आस्था व्यक्त की है।
बता दें कि सांसद सुरेश कश्यप शुक्रवार को जिला मुख्यालय नाहन स्थित सांसद सेवा केंद्र में जन समस्याओं को सुनने के लिए उपस्थित रहे। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों को लेकर अधिकारियों को और अधिक ऊर्जा के साथ कार्य में तेजी लाने के लिए कहा, तो वहीं उन्होंने बाघथन क्षेत्र में सड़कों की हालत को लेकर लोक निर्माण विभाग को कड़े निर्देश भी दिए।
सुरेश कश्यप ने कहा कि उन्होंने जिस प्रकार विधायक रहते हुए जनता की हर समस्या को प्राथमिकता दी तो वहीँ अब दोहरे दायित्व के साथ शिमला संसदीय क्षेत्र में भी बेहतर से भी बेहतर किए जाने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं। इस दौरान सांसद के साथ जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता भी मौजूद रहे।