साहिल। नूरपुर
विधानसभा में राज्यपाल से हुई धक्का-मुक्की के विरोध में रविवार को नूरपुर भाजपा मंडल ने प्रमुख व्यावसायिक कस्बा जसूर में रोष रैली निकालते हुए कांग्रेस का पुतला फूंका। भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल से हुई बदसलूकी को लेकर विरोध जताया और जमकर कांग्रेस पार्टी की निंदा की।
मंडल अध्यक्ष कुलदीप पाठक और नगर परिषद अध्यक्ष अशोक शर्मा की अगुवाई में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी मुर्दाबाद के नारे लगाए। मंडल अध्यक्ष कुलदीप पाठक ने बताया कि कांग्रेस पिछले 60 वर्षों से जोर जबरदस्ती की राजनीति करती आई है और अब जब प्रदेश में अच्छे काम हो रहे हैं तब भी कांग्रेस के नेता इससे परेशान हो चुके हैं।
उन्होंने कहा कि जिस तरह से कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल का अपमान किया है, उससे उनकी मानसिकता का पता चल रहा है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से राज्यपाल से व्यवहार किया वह निंदनीय है और शर्मनाक है।
वहीं दूसरी ओर नगर परिषद के अध्यक्ष अशोक शर्मा ने कहा कि राज्यपाल एक संवैधानिक पद है लेकिन कांग्रेस किसी भी संवैधानिक पद को मानने के लिए राजी नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्यपाल से किए गए व्यवहार से न केवल कांग्रेस का असली चेहरा उजागर हुआ है बल्कि इनकी बौखलाहट भी साफ दिखाई दे रही है।
उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री सहित अन्य कांग्रेसी विधायकों का व्यवहार शर्मनाक था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं को राज्यपाल और प्रदेश की जनता से माफी मांगनी होगी। रैली में इस दौरान भाजपा मंडल, युवा मोर्चा मण्डल और महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।