राज शर्मा : मैक्लोडगंज
स्मार्ट सिटी धर्मशाला में संचालित रोपवे में अब पर्यटक व स्थानीय लोग रात आठ बजे तक रोपवे सेवा का लाभ उठा सकेंगे। जनवरी माह से शुरू हुई हुए रोपवे में अब तक करीब एक लाख लोग यात्रा कर चुके हैं। रोपवे प्रबंधन ने 5 जून से 15 दिनों के लिए ट्रायल आधार पर रोपवे सुविधा के समय में 2 घंटे की बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया है। रोपवे सफर की सुविधा में 2 घंटे की बढ़ोतरी 15 जून तक जारी रहेगी।
पहले रोपवे का समय सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक था, जिसे अब रात 8 बजे तक बढ़ाया गया है। राउंड टिकट टाइमिंग (काउंटर) जिसका समय पहले सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक था, उसे सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक किया गया है। वनवे टिकट टाइमिंग (काउंटर) जो पहले सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक थी, उसे भी सुबह 10 बजे से 7.30 बजे तक किया गया है। रोपवे के लिए खरीदी गई टिकट की वैधता, टिकट खरीद से तीन दिनों तक रहेगी।
धर्मशाला रोपवे लिमिटेड की डायरेक्टर नेहा पंडित ने बताया कि रोपवे के समय को ट्रायल आधार पर बढ़ाया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक लोग इस सुविधा के रोमांच से रुबरु हो सकें। इस निर्णय को आगे बढ़ाने का निर्णय मेहमानों व स्टेकहोल्डर्स की प्रतिक्रिया के आधार पर लिया जाएगा। अब तक करीब एक लाख लोग रोपवे सुविधा का लाभ उठा चुके हैं।