चंद्र ठाकुर। नाहन
नाहन विकास खंड की बनेठी पंचायत में सोमवार को विश्व जल दिवस के मौके पर विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। पंचायत प्रधान बीना देवी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस विशेष ग्राम सभा में सौ से अधिक लोगों ने अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। इस दौरान पंचायत बीना देवी ने उपस्थित पंचायत प्रतिनधियों और लोगों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई। जल शक्ति विभाग की ओर से पंचायत को पेयजल टैस्ट किट भी प्रदान की गई। विभाग के कर्मी रविंद्र ठाकुर द्वारा इस दौरान टैस्ट किट के माध्यम से पानी का परीक्षण किया गया।
विशेष ग्राम सभा के दौरान लोगों को जल संरक्षण की जानकारी प्रदान की गई। इस दौरान लोगों ने अपनी समस्याएं भी जन प्रतिनिधियों के समक्ष रखी। मुख्य समस्याओं में बनेठी में पेयजल का मुद्दा छाया। ग्रामीणों का कहना है कि बनेठी में पेयजल की काफी किल्लत है। पूर्व में विभाग को कई बार इस समस्या से अवगत करवाया गया है। मगर अभी तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। गर्मियों के मौसम में बनेठी के लोगों पेयजल को लेकर भारी परेशानी से जूझना पड़ता है। ग्रामीणों ने इसके लिए जल शक्ति विभाग पर अनदेखी का आरोप भी जड़ा।
पंचायत प्रधान बीना देवी ने इस मौके पर कहा कि वे लोगों की इस समस्या के समाधान के लिए हर संभव प्रयास करेंगी। इसके लिए विभाग के साथ बात की जाएगी। उन्होंने उपस्थित लोगों से जल संरक्षण का अपील की। उन्होंने कहा कि जल के बिना हमारा जीवन संभव नहीं है। ऐसे में हमें जल संरक्षण के लिए प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि अपने आसपास के जल स्त्रोतों, बावडिय़ों, कुओं आदि को साफ सुथरा रखे। इस मौके पर पंचायत प्रधान बीना देवी, उपप्रधान राजकुमार, सचिव मोहन धीमान, आईपीएच कर्मी रविंद्र ठाकुर, तारा देवी, मुंशीराम, सरोज बाला, कमलेश देवी, पुरषोतम सिंह, कृष्ण चंद, सुषमा देवी के अलावा अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।
ग्राम सभा के बाद पंचायत प्रतिनिधियों और लोगों ने बनेठी के पास बने पेयजल स्त्रोतों की सफाई की। पंचायत प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्यों ने इस दौरान बनेठी के पास बनी बावंडिय़ों को साफ किया। वहीं आसपास के क्षेत्र क साफ सफाई भी की।