ललित ठाकुर। पधर
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जिला मंडी के द्रंग विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पद्धर में आयोजित राज्य स्तरीय हिमाचल दिवस कार्यक्रम की अध्यक्षता की। उन्होंने पुलिस और गृह रक्षा के जवानों की टुकड़ियों द्वारा प्रस्तुत मार्चपास्ट की सलामी ली और तिरंगा फहराया। परेड का नेतृत्व डीएसपी प्रणव चौहान ने किया।
मुख्यमंत्री ने पद्धर में आयोजित स्वर्णिम हिमाचल दिवस के कार्यक्रम के अवसर पर प्रदेश के सभी पुलिस थानों में स्थापित महिला हेल्प डेस्क के लिए 136 टू-व्हीलर्ज को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता सेनानियों और महान धरती पुत्रों को श्रद्धांजलि अर्पित की जिन्होंने हिमाचल प्रदेश को एक अलग पहचान दिलाने के लिए कड़ी मेहनत की। उन्होंने प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार को भी स्मरण किया जिन्होंने हिमाचल प्रदेश को विशेष दर्जा दिलाने के लिए आंदोलन को बड़ी दिशा दिखाई।
उन्होंने घोषणा की राज्य परिवहन में लगने वाले राज्य सड़क कर में अप्रैल से जून महीनों तक 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, कांट्रैक्ट कैरिज और टैक्सियों आदि को भी यात्री कर में अप्रैल से जून तक 3 महीने के लिए 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। जयराम ठाकुर ने कहा कि कोविड महामारी का दुष्प्रभाव परिवहन क्षेत्र पर भी पड़ा है। उन्होंने घोषणा की कि परिवहन व्यावसायियोें के लिए भी सबवेंशन योजना तैयार की जाएगी ताकि उन्हें भी आसान शर्तों पर आर्थिक सहायता प्रदान की जा सके।
सीएम जयराम ठाकुर ने द्रंग विधानसभा क्षेत्र के लिए 50 करोड़ के विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं के उद्घाटन और लोकार्पण किए। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर जंगलों में आग की घटनाओं की निगरानी के लिए जागरूकता वैन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्यमंत्री ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ीधार तथा क्षेत्र के अन्य स्वास्थ्य उप केंद्रों के लिए एक करोड़ रुपये और मुख्यमंत्री ग्राम पथ योजना के अंतर्गत 5 सड़कों के निर्माण के लिए 50 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पंजोडी नाला जलापूर्ति योजना के लिए अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध करवाई जाएगी और आईपीएच निरीक्षण कुटीर पद्धर में अतिरिक्त दो कमरों का निर्माण किया जाएगा।
सीयून पंचायत में हेलिपैड का निर्माण किया जाएगा और झटिंगरी को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पद्धर में हिमाचल पथ परिवहन निगम का पास काउंटर खोला जाएगा और विधानसभा क्षेत्र में दो अतिरिक्त मिनी बसें चलाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि पद्धर में सिविल जज कोर्ट खोलने के भी प्रयास किए जाएंगे।