ललित ठाकुर। पधर
उपमंडल मुख्यालय पधर में एचएएस अधिकारी संजीत सिंह ने एसडीएम का पदभार संभाल लिया है। उपमंडलाधिकारी पधर संजीत सिंह इससे पहले आरटीओ मंडी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे।
संजीत सिंह का कहना है कि क्षेत्र की आम जनता को न्याय मिले, उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान हो व कानून-व्यवस्था को बेहतर ढंग से लागू करना उनकी मुख्य प्राथमिकता उपमंडल पधर में रहेगी। उन्होंने कहा कि इस इलाके में भांग की खेती को उखाड़ने और युवा वर्ग नशे की तरफ जा रहा है उससे क्षेत्रवासियों को निजात दिलाई जाएगी। इसके लिए जागरूकता अभियान चलाए जाने पर बल दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वे भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेंगे। क्षेत्र की आम जनता को यदि कोई समस्या है तो वह कार्यालय में आकर या फोन के माध्यम से उन्हें बता सकते हैं।
क्षेत्र की जनता की समस्या के शीघ्र समाधान के लिए वह हमेशा प्रयासरत रहेंगे। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही उपमंडल के सभी विभागों के अधिकारियों से बैठक कर क्षेत्र की समस्याओं व अन्य जानकारियां लेकर रुके हुए कार्यों को पूरा किया जाएगा। इससे पहले वह खंड विकास अधिकारी टौणीदेवी, डायरेक्टर डीआरडीए चंबा, हमीरपुर व बिलासपुर तथा आरटीओ मंडी में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।