वाहिनी पहुंंचने पर समादेशक शालिनी के नेतृत्व में स्वागत
नवीन हंस। मैहतपुर बसदेहड़ा : पुलिस मैदान धर्मशाला में आयोजित हुई हिमाचल प्रदेश पुलिस की 51वीं खेलकूद एवं कर्तव्य परायण प्रतियोगिता में प्रथम भारत आरक्षित वाहिनी के जवानों ने बेहतर प्रदर्शन किया। मंगलवार को वाहिनी मुख्यालय पहुंचने पर जवानों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
प्रथम भारत आरक्षित वाहिनी बनगढ़ समादेशक शालिनी अग्निहोत्री ने जानकारी देते हुए कहा कि पुलिस मैदान धर्मशाला तीन दिवसीय खेलकूद एवं कर्तव्यपरायण प्रतिस्पर्धा में कुल चार टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का शुभारंभ राज्यपाल हिमाचल प्रदेश बंडारू दत्तात्रेय द्धारा किया गया व समापन समारोह में शिक्षा मंत्री हिमाचल प्रदेश सुरेश भारद्वाज ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस प्रतियोगिता में मध्य ईकाई के कुल 96 खिलाडियों में से वाहिनी के 77 खिलाडियों ने हिस्सा लिया।
उन्होंने बताया कि उप समादेशक बद्री सिंह इंचार्ज प्रबंधक कमेटी के नेतृत्व में मध्य ईकाई ने हैंडबाल, कमांडो प्रतियोगिता, कंप्यूटर, डॉग स्कवायड, अंवेषण, एंटी सैबोटेज चैक तथा फोटोग्राफी में मुख्या आरक्षी सुनील कुमार ने प्रथम स्थान हासिल किया। एथलैटिक्स, बास्केटबाल, फुटबाल एवं वालीबाल (महिला) में दूसरा स्थान हासिल किया। मध्य ईकाई ने डियुटी मीट में ओवरऑल प्रथम स्थान हासिल किया। वाहिनी के उप समादेशक शमशेर सिंह ने लॉन टेनिस में विजेता का खिताब हासिल किया।
इसके अतिरिक्त शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने प्रथम भारत आरक्षित वाहिनी बनगढ़ को सर्वश्रेष्ठ वाहिनी के पुरस्कार से अलंकृत किया गया। समादेशक ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी तथा विशेष रूप से खिलाडियों को उनके उम्दा प्रदर्शन के लिए सराहा। इस अवसर उप समादेशक राजेश कुमार, शमशेर सिंह, बद्री सिंह, सहायक समादेशक विनोद कुमार व समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।