- ऊना का अधिकतम तापमान 44 डिग्री दर्ज
- बिलासपुर, धौलाकुआं व बरठीं में पारा 40 से पार
- आज बरस सकती हैं राहत की फुहारें
वरिष्ठ संवाददाता : शिमला
हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार को उमस भरी गर्मी ने लोगों के जमकर पसीने छुड़ाए। राज्य के मैदानी इलाकों के साथ-साथ पहाड़ों पर भी उमस भरी गर्मी का प्रकोप देखा गया। राज्य के ऊना, बिलासपुर, धौलाकुआं, सुंदरनगर, हमीरपुर व कांगड़ा में गर्मी ने लोगों को झुलसा कर रख दिया है। भीषण गर्मी के चलते लोगों को घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। मगर गर्मी की मार झेल रही जनता के लिए राहत भरी खबर यह है कि वीकेंड पर प्रदेश में आसमान में राहत की फुहारें बरस सकती हैं। मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा हिमाचल में 11 व 12 जून को बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है।
पहाड़ों पर 13 जून को भी गर्जन के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया है। प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में शुक्रवार को मौसम साफ बना रहा। तेज धूप के खिलने से तापमान में फिर से बढ़ोतरी आई है। ऊना में अधिकतम तापमान 44 डिग्री दर्ज किया गया है। धौलाकुआं का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। बिलासपुर का तापमान 41 डिग्री से पार हो गया है। वहीं बरठीं में भी तापमान 40 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। इसके अलावा हमीरपुर, कांगड़ा, सुंदरनगर व मंडी में भी दिन के समय भीषण गर्मी पड़ रही है।
11, 12 व 13 को बारिश की संभावना
प्रदेश में बीते 24 घटों के दौरान भी मौसम साफ बना रहा। इससे न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। तापमान में बढ़ोतरी आने से लोगों को रात के समय भी लोगों को गर्मी की मार झेलनी पड़ रही है। मैदानों के साथ-साथ पहाड़ों पर भी जनता को गर्मी से झुलसना पड़ रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि प्रदेश में 11 व 12 जून को बारिश होगी। वहीं 13 जून को भी पहाड़ों पर बारिश होने की संभावना है।