धर्मपुर : बीडी मंडयाल।
शनिवार शाम करीब 7 बजे धर्मपुर के मुख्य बाजार की शिव मार्केट में एक तीन रंगों वाला मास्क मिला। ये तीन रंग केसरिया, सफेद और हरा है, जो बिलकुल राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे की तरह दिखता है। हालांकि इस मास्क के बीच में कोई चक्र का निशान तो नहीं है, लेकिन फिर भी तिरंगे की तरह लगने वाला यह मास्क कई तरह के सवालों को जन्म दे रहा है।
जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने देर सायं ही इस मास्क को अपने कब्जे में ले लिया और अपने स्तर पर इस मास्क को बनाने और इस्तेमाल करने वाले तथा फेंकने वाले की जानकारी जुटाई जा रही है। एसएचओ धर्मपुर ने बताया कि इस मास्क को कब्जे में ले लिया गया है तथा शहर में लगे सीसीटीवी की फुटेज के माध्यम से जानकारी जुटाई जाएगी कि इस तरह का मास्क किसने पहना था या फेंकने वाला कौन था। उसके बाद ही उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।