विशेष संवाददाता। शिमला
अविश्वास प्रस्ताव पर सत्तापक्ष की ओर से बोलते हुए वन मंत्री राकेश पठानिया ने कहा कि पूर्व सरकार के समय में बिवरेज कारपेारेशन बना था, जिसमें बड़ा घोटाला हुआ। उन्होंने पूछा कि उस कारपोरेशन को बनाने के बाद 700 करोड़ रूपए किसकी जेब में गए। उन्होंने कहा कि विपक्ष महिलाओं पर अत्याचार के आरोप लगा रहा है, लेकिन रेपिस्ट किसी पार्टी की प्रॉपर्टी नहीं है और ना ही सीएम से चिट लिखाकर कोई अपराधी आता है। उन्होंने कहा कि सभी को ऐसे अपराधियों को संरक्षण देने की बजाय उनपर कार्रवाई करनी चाहिए। आज कांग्रेस के ही लोग यह कह रहे हैं कि गुडिय़ा कांड छोटा सा कांड था। उन्होंने कहा कि मुकेश ने जो भी आरोप दागे हैं वो सरासर झूठ हैं। अच्छा होता कि अपने समय का एक अच्छा काम विपक्ष के नेता बता देते।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का क्या हाल हुआ जहां पर 399 सीटों में से 384 पर कांग्रेस की जमानत जब्त हो गई। उन्होंने कहा कि आज पूरे देश में रिवाज बदल रहा है और यहां पर भी रिवाज बदलेगा। कांग्रेस कभी सत्ता में नहीं आ सकेगी जोकि अब देश से ही बाहर हो रही है। बीच में राकेश पठानिया की तलखी मुकेश व विक्रमादित्य सिंह से भी हुई।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को वोट डालकर जनता को क्या मिलेगा। उन्होंने जयराम ठाकुर को पांच साल में काम करने की बधाई दी। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार, लॉ एंड आर्डर, महंगाई की पीएचडी कांग्रेस ने कर रखी है। अपने घर जब शीशे के हों तो दूसरे के घरों पर पत्थर नहीं मारे जाते।