धीरज चोपड़ा। पांवटा साहिब
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम कम होने पर भी सरकार लगातार दाम बढ़ा रही है। इसी के खिलाफ रोष जताते हुए पांवटा में शनिवार को ब्लॉक कांग्रेस पार्टी के नेता व कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल और डीजल के दाम बढऩे पर केंद्र सरकार के खिलाफ पांवटा में प्रदर्शन किया।
ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष अश्वनी शर्मा के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखते हुए कार्यकर्ताओं ने भाजपा और मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस मौके पर कांग्रेस की तरफ से राष्ट्रपति के नाम पांवटा के एसडीएम एलआर वर्मा को ज्ञापन सौंपा गया।
इस दौरान पूर्व विधायक किरनेश जंग ने कहा के अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम कम हैं, इसके बावजूद केंद्र की मोदी सरकार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाकर जनता पर बोझ डाल रही है। इसे कांग्रेस सहन नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि जहां कोरोना महामारी के चलते देश आर्थिक तंगी से जूझ रहा है, ऐसे में भारत सरकार डीजल और पेट्रोल के दाम बढ़ाकर मध्य्म वर्ग, किसानों और गरीबों की कमर तोड़ रही है।
इस दौरान मंडल अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि सरकार शराब के ठेके तो खोल रही है, लेकिन मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारे अभी तक बंद हैं। सरकार सिर्फ अपना सोच रही है।