कीथ गांव के रामेश्वर चला रहा था कार
हिमाचल दस्तक। शिमला : कोटखाई के समीप गुम्मा में एक कार मारुति 800 एचपी 09 सी-2271 के दुर्घटनाग्रस्त होने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। मृतक की पहचान रामेश्वर (52) निवासी कीथ रावला क्यार कोटखाई के रूप में हुई है। यह हादसा शुक्रवार सुबह हुआ बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार रामेश्वर कार में अकेला ही था कि गुम्मा के पास कार अनियंत्रित होकर खाई में लुढ़क गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार दुर्घटना का कारण हो सकती है। कार कोटखाई बाघी की ओर से शिमला जा रही थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जानकारी के अनुसार रामेश्वर की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। डीएसपी ठियोग कुलविंद्र सिंह राणा के अनुसार पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। जांच के बाद ही हादसे के कारणों का पता चल पाएगा।
शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों के हवाले किया गया है। उधर इस घटना पर क्षेत्र के विधायक और चीफ व्हीप नरेंद्र बरागटा और पूर्व विधायक रोहित ठाकुर ने गहरा शोक जताते हुए शोक संतप्त परिवार जनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है।