उप राष्ट्रपति एम. वैंकेया नायडू ने किया सम्मानित, दिल्ली में संस्कृत भारती ने किया विश्व सम्मेलन का आयोजन
हिमाचल दस्तक ब्यूरो। शिमला : नई दिल्ली में संस्कृत भारती की ओर से आयोजित विश्व सम्मेलन में उप राष्ट्रपति एम. वैंकेया नायडू ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को सम्मानित किया। यह सम्मान उन्हें राज्य में संस्कृत को दूसरी भाषा का दर्जा देने के लिए दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्कृत केवल हमारे देश की भाषा नहीं, बल्कि अपनी समृद्धता के कारण यह एक वैश्विक भाषा है।
राज्य सरकार प्रदेश में संस्कृत भाषा के विस्तार के लिए राज्य में संस्कृत विश्वविद्यालय खोलने पर विचार कर रही है। राज्य सरकार संस्कृत भाषा को और अधिक लोकप्रिय बनाने के प्रयास करेगी, ताकि अधिक से अधिक लोग इसे बोलने और संवाद करने के लिए अपनाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत समृद्ध संास्कृतिक धरोहर वाला देश है और हमें इसे संरक्षित करने के लिए ईमानदारी से प्रयास करने चाहिए। मुख्यमंत्री ने अपने सम्मान के लिए आयोजकों का धन्यवाद किया और इस आयोजन के लिए सराहना की।
उप राष्ट्रपति ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह और शॉल भेंटकर सम्मानित किया और उनके प्रयासों के लिए बधाई दी। केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन और जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर अवधेशानंद गिरि पीतजाधेश ने भी अपने विचार रखे। संस्कृत भारती के अखिल भारतीय अध्यक्ष गोपबंधु मिश्रा ने मुख्य अतिथि और अन्यों का स्वागत किया। 21 देशों के प्रतिनिधियों और विद्वानों, देश के शिक्षकों और संस्कृत और संगठनों के छात्रों ने इस सम्मेलन में भाग लिया।
मुख्यमंत्री आज ऊना से जाएंगे सुल्तानपुर लोधी
ऊना। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सोमवार को ऊना में आयोजित किए जा रहे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के 40वें प्रांत अधिवेशन में उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगे। यह जानकारी जिला भाजपा अध्यक्ष बलवीर बग्गा ने दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री हेलिकॉप्टर से सुबह 8:50 बजे पुलिस लाइन झलेड़ा पहुंचेंगे। इसके बाद वह सुबह 9 बजे सर्किट हाउस ऊना आएंगे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर 9:30 बजे श्रीश्री रविशंकर वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ऊना में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के अधिवेशन में हिस्सा लेने के लिए सर्किट हाउस से रवाना होंगे। इसके बाद 11:30 बजे सीएम स्कूल से पुलिस लाइन झलेड़ा पहुंचेंगे और पंजाब के सुल्तानपुर लोधी जाएंगे। यह श्री गुरुनानक देव जी के 550वें प्रकाश उत्सव पर रखे कार्यक्रम में भाग लेंगे।