हिमाचल दस्तक। मंडी
पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का बुधवार को जन्मदिन जगह-जगह धूमधाम से मनाया जा रहा है। वीरभद्र सिंह इस समय शिमला के आईजीएमसी अस्पताल में उपचाराधीन हैं, लेकिन प्रदेश भर में उनके समर्थक अपने ही तरीके से इस अवसर को मना रहे हैं।
वीरभद्र सिंह के जन्मदिवस पर रक्तदान शिविर के अलावा कांग्रेस से जुड़े उनके समर्थक जनसेवा के कई आयोजन कर रहे हैं। जिला मंडी कांग्रेस ने जोनल अस्पताल मंडी के चिल्ड्रन वार्ड में फल किट वितरित किए।
इस दौरान कांग्रेस के कई पदाधिकारी जिला प्रवक्ता योगेश सैनी व महिला जिलाध्यक्ष रिंकू चंदेल सहित कांग्रेस के कार्यकर्ता मौजूद रहे। महासचिव चेतराम ठाकुर ने कहा कि आज पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र के जन्मदिवस पर जिला कांग्रेस कमेटी मंडी में कई पर प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।
इसके अंतर्गत कांग्रेस पदाधिकारियों ने जोनल अस्पताल के चिल्ड्रन वार्ड में फल किट वितरित की हैं। उन्होंने इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को बधाई देते हुए उनकी दीर्घायु की कामना की।
इस मौके पर कांग्रेस के जिला प्रवक्ता योगेश सैनी ने कहा कि वीरभद्र के जन्मदिवस पर कांग्रेस पूरे प्रदेश में इस दिवस को जनसेवा दिवस के रूप में मना रही है। इसके अंतर्गत बुधवार को चिल्ड्रन वार्ड में बच्चों व उनके माता-पिता को फल किट वितरित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की दीर्घायु की कामना की है।