धर्म चंद वर्मा। मंडी
प्रदेश में 6 बार के मुख्यमंत्री रहे पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निधन के शोक स्वरूप शनिवार को मंडी बाज़ार पूर्ण रूप से बंद रहा। व्यापार मंडल के आह्वान पर सभी व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद रखीं और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान व्यापार मंडल के प्रधान राजेश महिंदू ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह हिमाचल प्रदेश के एक लोकप्रिय नेता थे और उनके निधन से आज पूरे प्रदेश में शोक की लहर है। इसके अंतर्गत व्यापार मंडल ने शनिवार को उनकी याद में पूर्ण रूप से व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रखने का फैसला लिया है।
उन्होंने कहा कि स्वर्गीय पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह मंडी जिले को अपना दूसरा घर मानते थे और उन्होंने मंडी को बड़ी सौगातें दी हैं। उनके द्वारा लिखी विकास की इबारत मंडी जिले में देखी जा सकती है।
उन्होंने अपने कार्यकाल में मंडी को सेंट्रल जोन का दर्जा दिया था। मंडी में आईआईटी, मेडिकल कॉलेज, मुख्य अभियंता लोक निर्माण, बिजली बोर्ड, चीफ कंजरवेटर, हर उपमंडल में कॉलेज आदि अन्य कार्य शामिल रहे। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में करोड़ों के प्रोजेक्ट से मंडी शहर का सौंदर्यीकरण हुआ है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निधन पर मंडी जिला की 14 एसोसिएशन ने संवेदना व्यक्त कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।