वरिष्ठ संवाददाता, शिमला
हिमाचल प्रदेश में मौसम आज से फिर करवट ले लेगा। मौसम विज्ञान केन्द्र द्वारा राज्य में शनिवार से भारी बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया है। 4 व 5 सितम्बर को राज्य में भारी से भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है। जबकि राज्य में 8 सितम्बर तक मौसम खराब बना रहेगा।
राज्य के अधिकाशं स्थानों पर शुक्रवार को मौसम खराब बना रहा। पहाड़ों पर दिन के समय कई स्थानों पर बारिश भी रिकॉर्ड की गई। हालांकि दोपहर बाद आसमान में छटे बादल छटने शुरू हो गए थे। मगर बारिश होने से तापमान में फिर से गिरावट आई है।
प्रदेश में बीते 24 घंटो के दौरान मानसून कमजोर बना रहा। राज्य के कुछ ही स्थानों पर बारिश हुई है। नगरोटा में सबसे ज्यादा बारिश हुई है। नगरोटा में 32 मिलीमीटर बारिश हुई है। इसके अलावा भराड़ी में 27, बलदवाडा में 26, बिलासपुर में 13, भोंरज में 9, नाहन में तीन मिलीमीटर बारिश हुई है। राज्य के शेष क्षेत्रों में मौसम साफ बना रहा।
प्रदेश में मानसून के दौरान भारी नुकसान हो चुका है। मौसम विज्ञान केन्द्र द्वारा राज्य में दो दिनों के दौरान फिर से भारी से भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है। उक्त अवधि के दौरान शिमला, कांगडा, मंडी, कुल्लू, चम्बा और सोलन में भारी बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया जा रहा है। जो जनजीवन को फिर से प्रभावित कर सकता है।
मौसम विज्ञान केन्द्र शिमला के निदेशक सुरेन्द्र पाल ने बताया कि प्रदेश में शनिवार को फिर से भारी बारिश का क्रम शुरू हो जाएगा। राज्य में 4 व 5 सितम्बर को बहुत भारी बारिश होगी। जबकि राज्य में 8 सितम्बर तक मौसम खराब बना रहेगा।