हिमाचल दस्तक। नाहन
श्रीरेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र की दीद बगड़ पंचायत के प्रधान की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसे में एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार सायं ददाहू-बगड़ मार्ग पर बगड़ से आगे लिंक रोड पर जाइंजा-मझाई के पास एक कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी।
इस हादसे में दीद बगड़ पंचायत के प्रधान जगदीश ठाकुर निवासी जाइंजा मझाई की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति सतपाल (32) निवासी शिरु माइला घायल हो गया। उसे उपचार के लिए ददाहू अस्पताल लाया गया। यहां पर गंभीर हालत के चलते उसे डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर कर दिया गया है।
पंचायत प्रधान अपने घर वापस जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। गौरतलब है कि हाल ही में संपन्न हुए पंचायतीराज चुनाव में नाहन विकास खंड की दीद बगड़ पंचायत निर्विरोध चुनी गई थी। श्रीरेणुकाजी थाना प्रभारी देवी सिंह नेगी ने सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि की है।